2000 के नकली नोट के साथ सपा के पूर्व विधायक ने पीएम मोदी पर कसा तंज
यूपी की सैय्यदराजा विधानसभा से समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू अपने एक फेसबुक पोस्ट के लिए इन दिनों सुर्खियों में हैं।
मिर्जापुर। यूपी की सैय्यदराजा विधानसभा से समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू अपने एक फेसबुक पोस्ट के लिए इन दिनों सुर्खियों में हैं। दरअसल पूर्व विधायक मनोज सिंह हैदराबाद में नकली नोट के शिकार हुए हैं। उन्होंने 2 हजार रुपए के नकली नोट को अपने फेसबुक पेज पर साझा किया है। इस दौरान उन्होंने केंद्र की बीजेपी सरकार पर तंज करते हुए नोटबंदी के बाद सरकार के किए दावों पर सवाल उठाए हैं।

फेसबुक पर मनोज सिंह ने क्या लिखा?
पूर्व विधायक ने अपने फेसबुक पेज पर लिखा है कि 'उन्हें जो नोट मिला है उस पर रिजर्व बैंक की स्पेलिंग गलत लिखी हुई है। केंद्र की मोदी सरकार ने अचानक नोटबंदी का ऐलान कर पूरे देश को बैंक की लाइन में लगाने का काम किया। सैकड़ों लोगों की जाने गईं। इस दावे के साथ की नोटबंदी से जाली नोट (फेक करेंसी), नक्सलवाद और आतंकवाद से छुटकारा मिलेगा, लेकिन वैसा होता दिख नहीं रहा। 2 हजार के नए फेक नोट बाजार में चलने लगे। आप सावधान रहें। मुझे दो हजार का जो जाली नोट मिला है उसमें रिजर्व का स्पेलिंग ही गलत लिखा है, साथ ही इसमें अन्य कमियां भी हैं।'

हैदराबाद में हुआ फर्जीवाड़ा
पूर्व विधायक सैय्यदराजा मनोज सिंह ने बताया, वह इस समय हैदराबाद में है। इस तरह के नोट बाजार में आना चिंता का विषय है। लोगों को सावधान रहने की जरूरत है। इस मामले को फोटो सहित अपने फेसबुक पर शेयर किया है। इस पर कमेंट भी काफी मिल रहे हैं। हालांकि उन्होंने ये नहीं बताया कि यह नोट उन्हें कब और कहां से मिला है ?












Click it and Unblock the Notifications