सेल्फी की वजह से रोजाना 3 हजार लोगों की मौत, PM मोदी जिम्मेदार: आजम खां
मेरठ। पूर्व कैबिनेट मंत्री और सपा नेता आजम खां शनिवार को मेरठ पहुंचे जहां उन्होंने एक बार फिर विवादित बयान दिया। आजम खां ने यहां मंच से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बादशाह और यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को छोटा बादशाह कह संबोधित किया। पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए आजम खां ने कहा कि देश में सेल्फी से हो रही मौतों के लिए बादशाह जिम्मेदार हैं। उन्होंने कहा कि सेल्फी की वजह से देश में रोजाना साढ़े 3 हजार लोगों की मौतें हो रही हैं। वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अयोध्या में दीवाली मनाने पर तंज कसते हुए आजम खां ने कहा कि छोटे बादशाह ने जिस तरह से भव्य दीवाली मनाई है उस ही तरह से ईद, क्रिसमस और अन्य धर्मों के त्यौहार भी योगी को मनाना चाहिए।

संगीत सोम के ताजमहल पर विवादित बयान पर आजम खां ने पलटवार करते हुए कहा कि जो मीट का कारोबार करता है, वो ताजमहल को गाली देता है। आज ताजमहल को लेकर पूरी दुनिया मे चर्चा है कि ये कैसे लोग है कि जो मोहब्बत की निशानी को मिटाना चाहते है। आजम ने कहा कि यह मोहब्बत क्या जाने। अगर इन्होंने मोहब्बत की होती तो ब्याह किया होता। आजम खां ने आगे कहा कि ताजमहल के नाम से अगर हिन्दू मुस्लिम झगड़ा होता है तो ऐसे ताजमहल की कोई ज़रूरत नही है। भाजपा ने जिस तरह से पिछला चुनाव मशीनों ने जीता उसी तरह से फिर भाजपा चुनाव जीत सकती है। आजम ने कहा कि भाजपा अगर ताजमहल गिरा देगी तो 2019 का चुनाव भी जीत जाएगी और योगी सरकार ताजमहल गिराए मैं उनके साथ चलूंगा।
आजम खां ने कहा कि प्रदेश सरकार में भ्रष्टाचार चरम सीमा पर है। सरकार के अधिकारी बेलगाम जनता का खून चूसने मे लगे हैं। पूर्व मंत्री ने प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ और पीएम नरेन्द्र मोदी पर भड़ास निकाली और कहा कि जनता से झूठ बोलकर वोट लिया और अपने वादों पर खरे नहीं उतरे। बेटी पढ़ाओ, नारी सुरक्षा और प्यार जैसा शब्द सीएम और पीएम के लिए सिर्फ ढिंढोंरा है। जिसके अपने बीवी बच्चे नहीं होते वो प्यार का अर्थ क्या जानेगा। जीएसटी ने देश मे व्यापारियों को चौपट कर दिया। लोग भिखारी के कगार पर पहुंच गए है।












Click it and Unblock the Notifications