Akhilesh Yadav ने फिर ट्वीट किया सांडों की लड़ाई का Video, लिखा- 'इनके लिए तो नियुक्त किए गए हैं IAS?'
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एक बार फिर सड़क पर सांडों की लड़ाई का वीडियो ट्विटर पर पोस्ट किया है। वीडियो शेयर करते हुए लिखा, 'सुना तो ये था कि अन्ना पशुओं की समस्या के लिए आईएएस नियुक्त किये गये हैं… क्या ये भी जुमला था।'

Akhilesh Yadav News: समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और यूपी के पूर्व सीएम अक्सर सोशल मीडिया प्लेटफार्म ट्वीट पर यूपी के मुद्दों को उठाते रहते हैं। इतना ही नहीं, अपने ऑफिशियल ट्विटर हैंडल पर सांडों की लड़ाई के वीडियो भी पोस्ट करते रहते है। एक बार फिर अखिलेश यादव ने बीच चौराहे पर दो सांडों की लड़ाई का एक वीडियो पोस्ट किया है।
सांडों की लड़ाई का वीडियो शेयर करते हुए अखिलेश यादव ने लिखा, 'सुना तो ये था कि अन्ना पशुओं की समस्या के लिए आईएएस नियुक्त किये गये हैं... क्या ये भी जुमला था।' बता दें, आवारा पशुओं की समस्या को लेकर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पिछले कई दिनों से योगी सरकार पर हमलावर हैं। कभी आवारा पशुओं से किसानों के नुकसान को लेकर तो कभी आवारा पशुओं के कारण सड़कों पर हो रहे हादसों को लेकर।
अखिलेश यादव का कहना है कि प्रदेश सरकार आवारा पशुओं को गौशालाओं में शिफ्ट करने के बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन ये दावे हवा-हवाई साबित होते हैं। अखिलेश यादव का कहना है कि आवार पशु या तो सड़कों पर झुंड में घूमते मिल जाएंगे या तो किसानों की फसल बर्बाद करते देखे जाते हैं। इससे पहले अखिलेश यादव ने रामनवमी के अवसर पर जालौन जिले का एक वीडियो शेयर किया था।
वायरल वीडियो के मुताबिक, शोभायात्रा निकाले जाने के दौरान सड़क पर दो सांड़ों की लड़ाई हो गई। सांडों की लड़ाई के चलते एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई थी। इस पर अखिलेश यादव ने वीडियो शेयर करते हुए लिखा था कि, 'यूपी आएं और देखें सांड ही सांड!' इतना ही नहीं, अखिलेश ने कहा कि सड़कों पर छुट्टा सांड घूमते हैं।
प्रदेश की हर सड़क, बाजार, हाईवे, स्कूल, कॉलेज, खेतों में सांडों की भरमार है। सांडों के हमले में लोगों की मौत हो रही है। हर दिन हो रही इन मौतों के लिए भाजपा सरकार जिम्मेदार है। क्या भाजपा ने जनता को इसी तरह का स्मार्ट सिटी बनाने का सपना दिखाया था?












Click it and Unblock the Notifications