सपा महिला प्रत्याशी के आरोप, 'जीत के बावजूद मुझे हारा घोषित किया'
वाराणसी। निकाय चुनाव के परिणामों पर पीएम के संसदीय क्षेत्र के वार्ड नम्बर 27 बिरदोपुर की सपा के पार्षद पद की उम्मीदवार ने नतीजों पर सवालिया निशान खड़ा करते हुए कहा कि मतगणना स्थल पर लगे हुए माइक, पेपर और तमाम संसाधनों ने बार-बार बढ़त और जीत की सूचना दी गयी जबकि शाम को हमें हारा हुआ प्रत्याशी बताया गया। ये संदिग्ध परिस्थिति है जिसके लिए हमने चुनाव आयोग, राज्यपाल और वाराणसी के जिला प्रशासन से मांग की है कि इस मामले में जांच कराई जाए। यह जल्द से जल्द ये नहीं हुआ तो समाजवादी पार्टी आंदोलन करेगी।

धांधली का लगाया आरोप
दरसअल वाराणसी निकाय चुनाव में बिरदोपुर के वार्ड नम्बर 27 से समाजवादी पार्टी ने श्वेता पांडेय को पार्षद प्रत्याशी बनाया था जबकि ये सीट बीजेपी के पाले में बीते कई सालों से लगातार रही है। इस बार के नए परिसीमन में इस सीट को महिला सीट घोषित किया गया था जिसके बाद से ही ये कयास लगाए जा रहे थे कि इस बार उम्मीदवार बदला जा सकता है। वहीं पूर्व के चुनावों में प्रत्याशी रहे शरद पाण्डेय बीते 2012 में महज 17 वोटों से चुनाव हार गए थे। भाजपा प्रत्याशी विनोद भारद्वाज विजयी हुए थे लेकिन महिला सीट होने पर यहां शरद ने अपनी पत्नी श्वेता पाण्डेय को सपा के सिम्बल पर चुनाव लड़ाया जबकि विनोद ने अपनी पत्नी शीला भारद्वाज को पार्टी ने भरोसा जताते हुए बीजेपी ने पार्षद उम्मीदवार बनाया। पिछले चुनाव के परिणाम को देख श्वेता ने सीधे सीधे चुनाव में EVM मशीन के माध्यम से धांधली का आरोप लगाया है।

कर्मचारियों पर भी लगाए आरोप
सपा की पार्षद उम्मीदवार श्वेता पांडेय ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि मुझे 1 दिसम्बर को इस बात की जानकारी दी गयी कि चुनाव जीत चुकी हूं और फिर अचानक से खबर आई कि सत्ता के दबाव में शीला भारद्वाज विजयी हुई है। इसमें चुनाव के लिए लगाए गए कर्मचारियों ने मिल कर धांधली की है। कई बूथों के मतदाताओं की सूची हमें नहीं उपलब्ध कराए गए। जब मैंने प्रत्याशी होते हुए मतगणना स्थल के अंदर जाकर जीत को हार में बदले जाने की जानकारी लेनी चाही तब पुलिस और ड्यूटी में तैनात कर्मचारियों ने अंदर नहीं जाने दिया। मुझे चुनाव में लगे सरकारी कर्मचारियों ने जबरन चुनाव हरवाया है। इसके लिए श्वेता पाण्डेय ने चुनाव आयोग से दोबारा चुनाव कराने की मांग की है, साथ ही जिलाधिकारी से मिलकर जांच कराने की बात कह राज्यपाल को भी पूरी प्रकरण की जानकारी दी है।












Click it and Unblock the Notifications