रातों-रात आवास के बाहर से चोरी हो गई योगी के इस विधायक की स्कॉर्पियो
सोनभद्र। वैसे तो आए दिन वाहन चोरी की वारदात होती रहती है। इसके बाद पुलिस पहले तो मुकदमा दर्ज नहीं करती और और अगर करती है तो खातापूर्ति कर शांत बैठ जाती है। लेकिन अगर चोर सत्ताधारी दल के विधायक की गाड़ी चुरा ले तो सरकार के कानून व्यवस्था पर उंगली उठना लाजमी है। सोनभद्र में चोरों ने बीजेपी विधायक भूपेश चौबे के कार्यालय के बाहर से उनकी स्कॉर्पियो गाड़ी चोरी कर ली। सदर विधायक का कहना है कि उस पर विधानसभा का पास लगा था और उसी गाड़ी से वह चलते थे। गाड़ी उनके समर्थक के नाम से है।

लगाई गई एसओजी की टीम
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस में हड़कम्प मच गया और पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए। सीओ सदर विवेकानन्द तिवारी फ़ोर्स के साथ पहुंचे। उन्होंने बताया कि बीती रात 2 बजे के बाद चोरों ने स्कॉर्पियो गाड़ी चुराई है। उस पर विधानसभा का पास लगा हुआ है। एसओजी की टीमें गाड़ी की तलाश कर रही हैं। उन्होंने बताया कि गाड़ी मानस तिवारी के नाम रजिस्टर्ड है। ये बताया जाता है कि विधायक उसमें चलते थे। बताया कि एसओजी की टीम लगाई गयी है, जल्द ही गाड़ी बरामद कर ली जाएगी।

रात में आवास के बाहर खड़ी थी गाड़ी
मामले में सदर विधायक का कहना है कि यह चोरों के गिरोह का काम है। उन्होंने बताया कि रात में मुझे आवास पर छोड़ने के बाद गाड़ी यहां खड़ी की गई थी। कार्यालय में रहने वाले कर्मी का कहना है कि दो बजे तक उन्होंने गाड़ी देखी थी। लेकिन सुबह जब जगे तो गाड़ी नहीं थी। वहीं मौके पर शीशा टूटा हुआ मिला है, लिहाजा ये गिरोह का काम है।












Click it and Unblock the Notifications