यूपी के महाधिवक्ता ने भी दिया इस्तीफा, योगी सरकार आते ही कहा काम नहीं करना चाहते
विजय बहादुर सिंह ने त्यागपत्र में लिखा है कि वो व्यक्तिगत कारणों से अब इस पद पर कार्य नहीं करना चाहते हैं। इससे पहले ही दो अपर महाधिवक्ताओं ने अपना इस्तीफा दे दिया था।
इलाहाबाद। योगी सरकार के यूपी में आते ही असर दिखने लगा है। सूबे की अखिलेश सरकार में प्रदेश के महाधिवक्ता रहे विजय बहादुर सिंह ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। इस्तीफे का उन्होंने व्यक्तिगत कारण बताया है। इससे एक दिन पहले दो अपर महाधिवक्ता सीबी यादव और इमरान उल्लाह खां ने भी अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। कयास लगाया जा रहा है कि योगी सरकार के चलते ये इस्तीफे दिए गए हैं। बता दें कि महाधिवक्ता और अपर महाधिवक्ता पद को राज्य सरकार ही नियुक्त करती है साथ ही इस पद पर कार्यरत अधिवक्ता को सरकार की ओर में कोर्ट में पक्ष रखना होता है। लेकिन योगी सरकार का कोर्ट में पक्ष रखने के बजाए अधिवक्ताओं ने इस्तीफा देना ज्यादा सुलभ समझा।

राज्यपाल को भेजा त्यागपत्र
संबंधित त्याग पत्र राज्यपाल को भेजा गया है। साथ ही उसकी प्रतिलिपि मुख्य सचिव, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव और प्रमुख सचिव विधि को भी भेजी गई है। त्यागपत्र में उन्होंने लिखा है कि वो व्यक्तिगत कारणों से अब इस पद पर कार्य नहीं करना चाहते हैं। इस कारण पद से इस्तीफा दे रहे हैं।
नई सरकार के साथ ही लगा था कयास
यूपी में रिजल्ट की घोषणा के साथ ही कयास लगने लगा था कि हाईकोर्ट में बदलाव दिखेगा। लेकिन बदलाव नई सरकार के गठन के बाद शुरू हुआ। योगी सरकार के एक्शन के बाद महाधिवक्ता विजय बहादुर सिंह और दो अपर महाधिवक्ता सीबी यादव और इमरान उल्लाह खां ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया।
जल्द होगी नई नियुक्ति
चूंकि हाईकोर्ट में सरकार से संबंधित केस चल रहे हैं और हाईकोर्ट कई मामलों में सरकार का पक्ष मांगती है। ऐसे में हाईकोर्ट की कार्रवाई प्रभावित होने के पहले ही जल्द ही इन पदों पर नई नियुक्ति होगी। संभावना ये है कि भाजपा के नजदीकी वरिष्ठ अधिवक्ताओं को मौका मिल सकता है। सूबे में भाजपा की नई सरकार गठन के बाद ये फैसला लिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications