वफादारी की मिसाल: घर में घुस रहे नाग से भिड़े कोको और शेरू, आखिरी सांस तक लड़कर बचाई मालिक की जान
भदोही, 9 अगस्त। उत्तर प्रदेश के भदोही जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां बीती रात एक घर में जहरीले सांप ने घुसने की कोशिश की, लेकिन गेट पर रखवाली कर रहे दो कुत्तों से उसका सामना हो गया। काफी देर तक सांप घर के अंदर जाने की फिराक में लगा रहा, लेकिन कुत्तों ने मोर्चा संभाले रखा। अंत में इस लड़ाई का बहुत ही खतरनाक अंजाम हुआ, जिसे जानकर लोग हैरान हैं। (तस्वीरें-प्रतीकात्मक)

रात के वक्त की घटना
दरअसल औराई इलाके के जयरामपुर में डॉ. राजन ने घर बनावा रखा है। साथ ही उन्होंने जर्मन शेफर्ड प्रजाति के दो कुत्तों भी पाले थे, जिनका नाम शेरू और कोको था। रविवार रात को डॉ. के घर वाले दोनों कुत्तों को गेट पर रखवाली के लिए छोड़कर सो गए। इसी बीच वहां एक जहरीला नाग पहुंचा, जो सीधे घर की ओर जा रहा था। जिस पर दोनों ने तुरंत भौंकना शुरू कर दिया, लेकिन सांप भी काफी जिद्दी था। वो कुत्तों को देखकर वापस नहीं गया, बल्कि घर के अंदर जाने की कोशिश में लगा रहा।

कई बार की डारने की कोशिश
स्थानीय लोगों के मुताबिक सांप ने कई बार फन फैलाकर दोनों को डराने की कोशिश की, लेकिन वो नहीं हटे। इसके बाद दोनों ने 5 फीट लंबे सांप पर हमला कर दिया। घंटेभर चली लड़ाई में जीत कुत्तों की हुई। उन्होंने जहरीले सांप को घर में जाने से रोका ही। साथ ही उसको दो हिस्सों में कर डाला, लेकिन लड़ाई के दौरान ही सांप ने दोनों को डस लिया था। जैसे ही सांप मरा उसके कुछ देर बाद कुत्ते भी बेसुध होकर गिर पड़े।

चौकीदार ने की मदद की कोशिश
डॉ. रजन के घर वालों ने बताया कि कुत्तों की आवाज सुनकर चौकीदार गुड्डू भी वहां पर पहुंच गया था, लेकिन इतने बड़े सांप को देखकर उसकी भी हालत खराब हो गई। उसने कई बार कुत्तों को सांप के डंस से बचाया, लेकिन पता नहीं कब सांप ने मौका पाकर दोनों को काट लिया था। गुड्डू भागकर गया और घर के मालिक को जगाया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।

रो-रोकर बुरा हाल
परिजनों ने कुत्तों को देखकर तुरंत डॉक्टर को बुलाया। जांच में पता चला कि जहर की वजह से दोनों की सांसे रुक गई थीं। दोनों वफादारों के मौत की खबर सुनकर घर वालों का बुरा हाल हो गया। वहीं आसपास के लोग भी इस जांबाजी को देखकर अपने आंसु रोक नहीं पाए। परिजनों ने बताया कि जब तक दोनों ने सांप को मार नहीं डाला, तब तक वो गेट पर मोर्चा संभाले रहे।

राजस्थान से भी ऐसा मामला
आपको बता दें कि दो हफ्ते पहले राजस्थान के बूंदी जिले से भी ऐसा ही मामला सामने आया था, जहां जलोद गांव में जहरीला कोबरा घर के अंदर घुसने की कोशिश कर रहा था। तभी पालतू कुत्ते ने उसका रास्ता रोक लिया। इसके बाद दोनों में जबरदस्त लड़ाई हुई। काफी देर बाद कुत्ते ने सांप को मौत के घाट उतार दिया। हालांकि जहर की वजह से उसकी भी जान चली गई थी।












Click it and Unblock the Notifications