UP: गाँव के लड़के से था प्रेम-प्रसंग, भाभी और माँ ने बेटी को ही कुल्हाड़ी से काटा, कुएं में फेंकी लाश
उत्तर प्रदेश के कौशांबी में ऑनर किलिंग की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने सोमवार को खुलासा करते हुए मृत युवती की माँ, भाभी और बहन को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि गाँव के ही लड़के से युवती का प्रेम प्रसंग था और आरोपियों ने बदनामी के डर से युवती को कुल्हाड़ी से काट डाला। बाद में लाश को एक कुएं में फेंक दिया।
बता दें कि पूरा मामला कौशांबी के मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र के एक गाँव का है। यहां की रहने वाली एक युवती के परिजनों ने 14 अक्टूबर को उसके प्रेमी पर लड़की को भगा ले जाने का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज करवाई थी। जिसके बाद पुलिस मामला दर्ज कर छानबीन में लग गई, लेकिन कहीं भी युवती का पता नहीं चला।

वहीं 26 अक्टूबर को तेजवापुर गांव के एक कुएं में लापता युवती की लाश बरामद हुई। लड़की की हत्या कर बोरे में भरकर कुएं में ठिकाने लगाया गया था। अब चूंकि मामला गुमशुदगी के बाद हत्या का हो चुका था, इसलिए पुलिस ने नए सिरे से छानबीन शुरू कर दी। जिसमें पुलिस को कामयाबी भी मिली।
गाँव में पूछताछ करने पर पुलिस को पता चला कि मृत युवती का गाँव के ही एक लड़के से प्रेम प्रसंग था। परिजनों के मना करने के बाद भी लड़की अपने प्रेमी से मिलती थी। इसलिए बदनामी के डर से लड़की की मां, भाभी व छोटी बहन ने लड़की की हत्या कर दी और लाश को तेजवापुर गांव के किनारे कुएं में डाल दिया।

साथ ही किसी को शक न हो इसलिए मां ने 14 अक्टूबर को उसके प्रेमी पर लड़की को भगा ले जाने का आरोप लगाकर नामजद मुकदमा दर्ज करवा दिया। उधर, पुलिस ने घटना का खुलासा करते हुए मृत युवती की माँ व छोटी बहन दोनो को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया है। जबकि लड़की की भाभी अभी फरार चल रही है। वहीं हत्या में प्रयुक्त डंडा व कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली गई है।












Click it and Unblock the Notifications