अपनी बहू और भतीजे के सामने खुद खड़े होंगे शिवपाल और उनके चहेते
मैनपुरी। मैनपुरी में शिवपाल सिंह यादव ने सोमवार को बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि सेक्युलर मोर्चा प्रदेश की सभी 80 लोकसभा सीटों पर प्रत्याशी उतारेगा। वहीं मुलायम सिंह यादव मैनपुरी से सेक्युलर मोर्चा के प्रत्याशी होंगे। इतना ही नहीं बल्कि करहल में पूर्व विधायक मानिकचंद यादव के आवास पर पहुंचे शिवपाल ने कहा कि ने अपने परिवार के उन सभी सदस्यों के समक्ष नई पार्टी के उम्मीदवार को खड़ा करेंगे जो सपा से चुनाव लड़ेंगे।

इस दौरान शिवपाल सिंह यादव ने साफ किया कि समाजवादी पार्टी या यादव परिवार से सुलह का कोई प्रस्ताव आता है तो उस पर विचार नहीं होगा। उन्होंने कहा कि अब कदम आगे बढ़ा दिया है, अब आगे ही जाएंगे। शिवपाल सिंह यादव गठबंधन की राजनीति पर भी बोले। उन्होंने कहा कि बहुजन समाज पार्टी जैसे सभी समान विचारधारा वाली पार्टियों से गठबंधन की कोशिश रहेगी। जब उनसे पूछा गया कि क्या वह यादव कुनबे यानी डिंपल यादव, अखिलेश यादव, धर्मेंद्र यादव के खिलाफ भी प्रत्याशी उतारेंगे तो शिवपाल ने कहा कि सभी 80 सीटों पर चुनाव लड़ेंगे।
बता दें कि इससे पहले सोमवार को समाजवादी सेक्युलर मोर्चा का झंडा लॉन्च हुआ था। लाल, पीले और हरे रंग के इस झंडे में एक तरफ शिवपाल तो दूसरी तरफ समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव की तस्वीर लगी हुई है। शिवपाल यादव ने कहा है कि मुलायम सिंह तैयार हुए तो उन्हें भी वे अपनी पार्टी के बैनर तले मैनपुरी से चुनाव लड़ाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications