जीजा के पिता को लूटने के चक्कर में साले की हत्या, दोस्तों ने ही मारा
बहराइच। सिब्बू हत्याकांड का खुलासा नानपारा पुलिस ने कर दिया है। पुलिस ने सिब्बू की हत्या में उसके दो दोस्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि सिब्बू के दोस्तों ने उसकी हत्या कर उसकी लाश को दो टुकड़ों में काटकर दोदरा नाला के साइफन में फेंक दिया था। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू, सिब्बू का जैकेट व बाइक भी बरामद की है। पुलिस ने दोनों आरोपितों को जेल भेज दिया है।

ये था मामला
नानपारा कोतवाली अन्तर्गत ग्राम गिरधरपुर में दोदरा नाला के साईफन में बीते 13 जनवरी को दो बोरो में क्षत विक्षत व सड़ी गली अवस्था में युवक का शव मिला था। मृतक की पहचान रमजान गांव निवासी जकीरुल हसन उर्फ सिब्बू के रूप में हुई थी। मृतक के भाई पप्पू उर्फ जमीरुल हसन ने कोतवाली में अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कराया था। एसपी जुगुल किशोर ने बताया कि शक होने पर मिस्टर खान उर्फ यासीन अली और इरफान को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो घटना का खुलासा हुआ।

दोस्तों के साथ मिलकर अपने बहनोई के पिता से की लूट
हत्यारों ने बताया कि 7 जनवरी को सिब्बू के बहनोई बरगदिहा निवासी इसराइल ने उसे अपने पिता जामिन अली के साथ परवानी गौढ़ी बाजार भैंसा खरीदने भेज दिया, लेकिन सिब्बू ने मिस्टर व इरफान के साथ मिलकर लूट की योजना बना डाली। साजिश के तहत सिब्बू अपने बहनोई के पिता जामिन अली को बाइक पर बैठाकर निबिया नहर पुल के पास पहुंचा था। तभी नकाबपोश मिस्टर खान व इरफान ने बाइक रोककर जामिन के पास मौजूद 24 हजार रुपये छीन लिया। सिब्बू प्रतिरोध करने के बजाए मूकदर्शक बना रहा। यह देख जामिन अली को शक हुआ तो वह सिब्बू पर रुपये लौटाने का दबाव बनाने लगा। रिपोर्ट लिखाने की धमकी भी दी।

दोस्तों ने की हत्या
इससे घबराए सिब्बू व मिस्टर खान जामिन अली के घर बरगदिहा पहुंचे और रिपोर्ट न लिखाने की बात कही। वादा भी किया कि रुपये मिल जाएंगे। इधर इरफान व मिस्टर खान को लगने लगा कि सिब्बू कही उनका नाम न बता दे तो इन लोगों ने योजना के तहत आठ जनवरी को सिब्बू को सुबह 10 बजे दोदरा नाले के साइफन पर मिलने को कहा। यहां मिस्टर व इरफान ने सिब्बू से उसका जैकेट मांगा। अभी वह जैकेट उतार ही रहा था, तभी मिस्टर व इरफान ने उस पर चाकू से हमलाकर उसे मौत के घाट उतार दिया। लाश बोरे में भरकर साइफन में छिपा दिया और बाइक भी गायब कर दी गयी।












Click it and Unblock the Notifications