पलक झपकते ही मातम में बदल गईं खुशियां, इस वजह से तड़प-तड़प कर निकली मासूम की जान
शाहजहांपुर। हर्षफायरिंग पर सुप्रीम कोर्ट की रोक के बावजूद पुलिस इसे रोकने मे नाकामयाब साबित हो रही है। इसका ताजा मामला यूपी के शाहजहाँपुर का है, जहां तिलक समारोह में हुई हर्ष फायरिंग में एक दस साल के बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल अवस्था में उसे फरूखाबाद रेफर कर दिया गया है। हर्ष फायरिंग करने के बाद भाग रहे युवक को बारातियों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

तिलक समारोह का मामला
मिली जानकारी के मुताबिक घटना थाना अल्लाहगंज के वजीरपुर गांव की है। यहां के रहने वाले दिनेश यादव के पुत्र राहुल यादव का तिलक समारोह चल रहा था। तिलक समारोह मे काफी भीड़भाड़ थी। तभी समारोह मे फरूखाबाद से आए राहुल के रिश्तेदार सुधीर ने हर्ष फायरिंग करना शुरू कर दी। हालांकि इस बीच भीड़भाड़ होने के कारण लोगों ने सुधीर को हर्ष फायरिंग करने से रोका, लेकिन वह नहीं माना।

तड़प-तड़प कर निकली मासूम की जान
कई फायर करने के बाद अचानक चली गोली सामने खड़े पहले तो अश्वनी पुत्र रमेश को लगी, जिसके बाद उसके कंधे पर छूते हुए पीछे खड़े दस साल के सुमित पुत्र नरेश को जा लगी। इससे उसकी मौके पर ही तड़प तड़प कर मौत हो गई। जबकि घायल युवक की हालत गंभीर देखते हुए डाक्टरों ने फरूखाबाद रेफर कर दिया। घटना के बाद भाग रहा हर्ष फायरिंग करने वाले युवक को ग्रामीणों ने घेरकर बंधक बना लिया। इस दौरान गुस्साए ग्रामिणों ने आरोपी की पिटाई भी कर दी। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को अपनी हिरासत मे लेकर मुकदमा दर्ज कर लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भी भेज दिया गया है।

मामला दर्ज
वहीं एसओ राज कुमार तिवारी ने बताया कि ग्राम वजीरपुर गांव मे तिलक समारोह मे हर्ष फायरिंग हुई थी। हर्ष फायरिंग मे दस साल के बच्चे की मौत हुई है, जबकि एक युवक घायल हुआ है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस मामले मे मुकदमा लिखा जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications