Noida की एक सोसाइटी में सिक्योरिटी गार्ड और फूड डिलीवरी बॉय के बीच चले लाठी-डंडे, दोनों की हुई गिरफ्तारी
Food delivery boy and security guard fight गौतमबुद्धनगर जिले के नोएडा में एक हाउसिंग सोसाइटी के गेट पर फूड डिलीवरी बॉय और सिक्योरिटी गार्ड के बीच जबरदस्त गुत्थम-गुत्था (मारपीट) का मामला सामने आया है। इस मारपीट का वीडियो वायरल होने के बाद नोएडा पुलिस ने मारपीट करने वाले दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और CRPC की धारा 151 के तहत दोनों के खिलाफ केस दर्ज कर उन्हें मजिस्ट्रेट के सामने पेश करने की तैयारी है।

नोएडा में कहां की है यह घटना?
जानकारी के मुताबिक, रविवार को नोएडा सेक्टर 46 में गार्डेनिया सोसाइटी के मेन गेट पर सिक्योरिटी गार्ड और एक फूड डिलीवरी बॉय के बीच तीखी नोंकझोंक हुई और देखते ही देखते यह बहसबाजी मारपीट में बदल गई। यह मारपीट गेट पर लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
दोनों के बीच चले लाठी-डंडें
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि हाउसिंग सोसाइटी के मेन गेट पर फूड डिलीवरी बॉय और सिक्योरिटी गार्ड के बीच जबरदस्त लात-घूंसे चल रहे हैं। लात-घूंसों के बाद दोनों के बीच लाठी-डंडें भी शुरू हो जाते हैं। इस दौरान कुछ लोग बीच-बचाव करने भी आते हैं, लेकिन दोनों की अनदेखी करते हुए उनका झगड़ा जारी रहता है। आपको बता दें कि यह हाल के महीनों में हाउसिंग सोसाइटियों के निजी सुरक्षा गार्डों से जुड़े झगड़े की ताजा घटना है।
क्यों हुआ झगड़ा?
जानकारी के मुताबिक, सोसाइटी के सिक्योरिटी गार्ड और फूड डिलीवरी बॉय के बीच सोसाइटी में एंट्री करने को लेकर कहासुनी हुई थी। वीडियो में देखा जा सकता है कि सिक्योरिटी गार्ड ने सबसे पहले डिलीवरी बॉय की तरफ हाथ उठाने का प्रयास किया था, जिसके बाद डिलीवरी बॉय ने भी गार्ड को पीटना शुरू कर दिया। हालांकि पुलिस का कहना है कि अभी मारपीट की असल वजह के बारे में कुछ कहा नहीं जा सकता, अभी जांच जारी है।












Click it and Unblock the Notifications