सपा में छिड़ी जंग सुलझाने के लिए आज अंतिम दांव चलेंगे मुलायम, बुलाई पार्टी के संसदीय बोर्ड की बैठक
लखनऊ। शिवपाल यादव के इस्तीफे से बढ़ी समाजवादी पार्टी की अंदरूनी कलह को सुलझाने के लिए पार्टी सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव ने शुक्रवार को पार्टी के संसदीय बोर्ड की बैठक बुलाई है। पार्टी में मचे घमासान को सुलझाने के लिए यह आखिरी कोशिश मानी जा रही है।

मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की ओर से दो करीबी मंत्रियों को हटाए जाने और अपने तीन अहम विभाग छीने जाने से नाराज शिवपाल यादव ने पहले मुलायम सिंह यादव से मिलकर आपत्ति जताई और बाद में गुरुवार देररात पार्टी और प्रदेश सरकार के सभी पदों से इस्तीफा दे दिया। शिवपाल के इस्तीफे से पार्टी में दो फाड़ होने की आशंका है।
अखिलेश ने बताया था सरकार की लड़ाई
अखिलेश यादव ने बुधवार को लखनऊ में एक कार्यक्रम के दौरान कहा था कि यह घर की लड़ाई नहीं है, यह सरकार की लड़ाई है। उन्होंने यह बयान पार्टी के उस फैसले के बाद दिया है जिसमें उन्हें सपा के प्रदेश अध्यक्ष पद से हटाकर यह जिम्मेदारी शिवपाल यादव को सौंप दी गई।
विवाद सुलझाने लखनऊ पहुंचे मुलायम
पार्टी में छिड़े विवाद को सुलझाने के लिए सपा मुखिया दिल्ली से लखनऊ पहुंचे हैं। उन्होंने गुरुवार को भी बेटे अखिलेश यादव और भाई शिवपाल यादव के बीच सुलह कराने की कोशिश की थी, लेकिन बात बनी नहीं। शिवपाल ने मुलायम सिंह से मुलाकात की और उसके बाद अखिलेश यादव से भी मिले। अखिलेश से करीब 15 मिनट की मुलाकात के बाद शिवपाल ने अपना इस्तीफा उन्हें भेज दिया। हालांकि मुख्यमंत्री ने इस्तीफा नामंजूर कर दिया है।
बैठक में हो सकता है फैसला
पार्टी के संसदीय बोर्ड की बैठक में दोनों नेताओं के बीच छिड़े विवाद को सुलझाने की अंतिम कोशिश होगी। शिवपाल यादव की नाराजगी इस बात से भी जाहिर हो रही है कि उनके साथ उनके बेटे और पत्नी ने भी सरकार के सभी पदों से इस्तीफा दे दिया है।












Click it and Unblock the Notifications