अखिलेश को चौथा झटका, अब मुलायम के खास विधायक ने दिया इस्तीफा
अशोक वाजपेयी सपा संस्थापक और पूर्व अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव के करीबी माने जाते हैं। इस्तीफा देने से पहले वाजपेयी ने आरोप लगाया कि वो पार्टी के अंदर मुलायम सिंह यादव के अपमान से आहत हैं।
लखनऊ। गुजरात में राज्यसभा चुनाव पर घमासान के बीच यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री और सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव को चौथा झटका लगा है। समाजवादी पार्टी के एमएलसी और मुलायम सिंह यादव के करीबी नेता अशोक वाजपेयी ने विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। एक महीने के भीतर समाजवादी पार्टी के चार एमएलसी अभी तक इस्तीफा दे चुके हैं। अशोक वाजपेयी ने विधान परिषद के सभापति रमेश यादव को अपना इस्तीफा सौंप दिया है। इससे पहले हाल ही में बुक्कल नवाब, यशवंत सिंह और सरोजिनी अग्रवाल ने विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफा दिया था।
Recommended Video


अशोक वाजपेयी सपा संस्थापक और पूर्व अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव के करीबी माने जाते हैं। इस्तीफा देने से पहले वाजपेयी ने आरोप लगाया कि वो पार्टी के अंदर मुलायम सिंह यादव के अपमान से आहत हैं। वाजपेयी ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि समाजवादी पार्टी में नेताजी की हो रही उपेक्षा के चलते उन्होंने इस्तीफा दिया है। उन्होंने कहा कि जिस शख्स ने पार्टी को खड़ा किया, आज उसी का अपमान किया जा रहा है। वाजपेयी ने कहा कि नेताजी की उपेक्षा ने नाराज होकर ही वो अपने पद से इस्तीफा दे रहे हैं।
जिसे जाना है वो जाए: अखिलेश
इससे पहले जब बुक्कल नवाब और यशवंत सिंह ने इस्तीफा दिया था तो अखिलेश यादव ने बयान दिया था कि बिहार से लेकर यूपी तक भाजपा राजनीतिक भ्रष्टाचार में लगी हुई है। अखिलेश ने कहा कि समाजवादी पार्टी से जिसे जाना है, वो बिना कोई झूठा आरोप लगाए चला जाए ताकि संकट के समय पार्टी के वफादार लोगों की पहचान हो सके। हाल ही में आजम खान की करीबी नेता और एमएलसी सरोजिनी अग्रवाल ने भी अपने पद और पार्टी से इस्तीफा देकर भाजपा की सदस्यता ग्रहण की थी।












Click it and Unblock the Notifications