EVM मशीनों में गड़बड़ी को लेकर सपा जा सकती है सुप्रीम कोर्ट
समाजवादी पार्टी यूपी चुनाव के बाद ईवीएम मशीन में गड़बड़ी को लेकर जा सकती है सुप्रीम कोर्ट, बैलेट पेपर के आंकड़ों को कर रही इकट्ठा
लखनऊ। उत्तर प्रदेश चुनाव के नतीजे आने के बाद जिस तरह से मायावती ने हार का ठीकरा ईवीएम मशीनों पर फोड़ा उसके बाद अब समाजवादी पार्टी भी ईवीएम मशीनों में गड़बड़ी के मामले को लेकर सुप्रीम कोर्ट जाने की तैयारी में है। समाजवादी पार्टी ने ईवीएम मशीनों में एक खास तरह के सॉफ्टवेअर लगाए जाने का आरोप लगाया है, जिसके बाद पार्टी बैलट पेपर वोट के रिव्यू को आधार बनाते हुए सुप्रीम कोर्ट जाने की तैयारी कर रही है।

70 फीसदी बैलेट सपा के पक्ष में
सूत्रों की मानें तो समाजवादी पार्टी इस मामले में सुप्रीम कोर्ट जाने की तैयारी में है, पार्टी ने चार जिलों में सपा को बैलट पेपर में 70 फीसदी वोट मिलने के बाद कोर्ट जाने का फैसला लिया है। अखिलेश यादव ने बैलट पेपर का रिकॉर्ड भी मंगवाया है। दरअसल जिस तरह से पेपर बैलट में सपा को 70 फीसदी वोट मिले हैं उसके बाद पार्टी ने आशंका जाहिर की है कि ईवीएम मशीनों से छेड़छाड़ की गई है।

कई सीटों पर बैलेट सपा के पक्ष में
हरदोई की सवायदपुर में बैलट पेपर में सपा को कुल 381 वोट मिले हैं, जबिक बसपा को 260 वोट मिले हैं, लेकिन यहां भाजपा को सबसे कम 182 वोट मिले। कुछ यही हाल हरदोई का भी है जहां सपा को 858 वोट, बसपा को 715 वोट और भाजपा को 370 वोट मिले हैं। इन दोनों जगहों की तरह ही बिलग्राम के सांडी में भी कांग्रेस को 400, बसपा को 243 और भाजपा को 150 वोट मिले हैं।

आंकड़ों के बाद सपा जाएगी कोर्ट
ऐसे में इन तमाम जगहों पर बैलट पेपर के आंकड़ों पर नजर डालें तो सपा को पूर्ण बहुमत मिल रहा है। पार्टी सूत्र का कहना है कि हमने अभी सिर्फ चार सीटों का आंकड़े देखे हैं जिसके बाद प्रदेश के सभी जगहों का बैलेट पेपर मंगाया गया है, जिसके बाद इन बैलट पेपर को रिव्यू किया जाएगा और इसके आधार पर हम सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाएंगे।

मायावती ने भी लगाया था आरोप
आपको बता दें कि यूपी चुनाव के नतीजे आने के बाद मायावती ने ईवीएम की गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए कहा था कि यह लोकतंत्र की हत्या है और इसकी जांच किसी स्वतंत्र विदेशी एक्सपर्ट से कराई जानी चाहिए। मायावती ने यूपी के चुनाव परिणाम को रद्द किए जाने के साथ एक बार फिर से बैलेट पेपर के जरिए चुनाव कराए जान की भी मांग रखी थी, वहीं अखिलेश यादव ने भी कहा था कि अगर किसी पार्टी ने आरोप लगाया है तो इसकी जांच करवा लेनी चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications