मुलायम सिंह के समधी विधायक हरिओम सिंह को सपा ने पार्टी से निकाला, भाजपा के करीबी होने का आरोप
लखनऊ: समाजवादी पार्टी ने सोमवार को विधायक हरिओम सिंह यादव को पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में पार्टी से निष्कासित कर दिया है। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर सिरसागंज विधायक को 6 साल के लिए पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाया गया है। जिसकी जानकारी प्रदेशाध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने दी। उन्होंने बताया कि विधायक हरिओम को पार्टी विरोधी गतिविधियों में लिप्त पाया गया है। उन पर भाजपा के करीबी होने का आरोप है।

तीन बार के विधायक और सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव के समधी हरिओम सिंह यादव पर भाजपा के करीबी होने का आरोप लगाया गया है। शिकोहाबाद के रहने वाले यादव समाजवादी पार्टी में लगातार तीन बार विधायक रहे हैं। साल 2017 के चुनाव से पहले ही उन्होंने सपा के राष्ट्रीय महासचिव रामगोपाल यादव के खिलाफ बगावती तेवर अपना लिए थे।
फिरोजाबाद जिले के सपा नेताओं ने उनके खिलाफ एकजुट होकर पार्टी से निष्कासित किए जाने की मांग हाईकमान से की थी। समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम ने विधायक के बेटे विजय प्रताप को पार्टी विरोधी गतिविधियों में लिप्त रहने का आरोप लगाते हुए पहले ही पार्टी से बाहर कर दिया था।
अब हरीओम सिंह को पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाया है। पिछले महीने प्रगतिशील समाजवादी पार्टी अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने फिरोजाबाद जिले की तीन सीटों के लिए प्रत्याशी घोषित किए थे। उन्होंने सिरसागंज से सपा विधायक हरिओम सिंह यादव को अपनी पार्टी से प्रत्याशी घोषित किया है।












Click it and Unblock the Notifications