'90% पीडीए की 100% जीत', अखिलेश यादव ने किया जाति जनगणना का स्वागत, कहा- BJP सरकार को जनता ने किया मजबूर
Akhilesh Yadav On Caste Census: समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने केंद्र सरकार के जाति जनगणना कराए जाने के निर्णय का स्वागत किया है। उन्होंने इसे सामाजिक न्याय की स्थापना की दिशा में एक निर्णायक कदम बताया और इसे पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) वर्गों की "90% लोगों की 100% जीत" करार दिया।
प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा, "सरकार ने जो फैसला लिया है, उससे हमें खुशी है। यह सामाजिक न्याय की स्थापना की दिशा में बड़ा कदम है। यह फैसला पीडीए वर्गों की संयुक्त शक्ति और दबाव का परिणाम है।"

अखिलेश ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार इस फैसले को लेने के लिए बाध्य हुई है। साथ ही उन्होंने सरकार को चेतावनी दी कि जाति जनगणना की प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की हेराफेरी न हो। उन्होंने कहा, "यह भाजपा सरकार के लिए चेतावनी है, कि चुनावों की तरह जाति जनगणना में भी कोई धांधली न हो, क्योंकि इससे देश के सामाजिक संतुलन पर असर पड़ेगा।"
अखिलेश यादव ने पारदर्शिता की जरूरत पर जोर देते हुए कहा, "केवल एक ईमानदार और निष्पक्ष जनगणना ही यह सुनिश्चित कर सकती है कि प्रत्येक जाति को उसकी जनसंख्या के अनुपात में अधिकार मिल सके।" अखिलेश यादव ने इसे भारतीय राजनीति में सकारात्मक बदलाव की शुरुआत बताया और कहा, "यह लोकतांत्रिक अधिकारों के लिए जन आंदोलन का पहला चरण और भाजपा की नकारात्मक राजनीति का अंतिम चरण है।"
मालूम हो कि जाति जनगणना के फैसले की घोषणा 30 अप्रैल को केंद्र सरकार की कैबिनेट कमेटी ऑन पॉलिटिकल अफेयर्स (CCPA) की बैठक के बाद सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने की। उन्होंने बताया कि आगामी जनगणना में जातिगत विवरण को भी शामिल किया जाएगा, और यह संविधान के अनुच्छेद 246 के अंतर्गत संघ सरकार का अधिकार क्षेत्र है।












Click it and Unblock the Notifications