सहारनपुर में चरम पर शराब तस्करी, पुलिस ने रोका तो मुंह पर मार दिया पत्थर
सहारनपुर। उत्तर प्रदेश की अपेक्षा हरियाणा में देसी और विदेशी शराब सस्ती होने का पूरा फायदा शराब तस्कर उठा रहे हैं। आबकारी विभाग यदा-कदा ही इनके खिलाफ कार्रवाई करता है, लेकिन जब पुलिस तस्करों को हरियाणा की शराब यूपी में लाकर बेचने से रोकती है या तस्करों को शराब के साथ पकड़ती है तो उल्टे तस्कर ही पुलिस पर हावी हो जाते हैं। ऐसा ही कुछ नजारा यहां देखने को मिला।

सहारनपुर जनपद के थाना मिर्जापुर की हथनीकुंड बैराज चौकी क्षेत्र में यमुना नदी के रास्ते बाइकों पर हरियाणा से शराब लेकर आ रहे तस्करों और पुलिस के बीच मुठभेड़ हो गई। अपने को घिरता देख तस्करों ने पुलिस पर पथराव कर दिया, जिसमें एक पुलिसकर्मी घायल हो गया। दो तस्करों को तो पुलिस ने भागते समय दबोच लिया, जबकि चार तस्कर पथराव करते हुए बाइकों पर सवार होकर भाग निकले। पकड़े गए तस्करों के पास से चार पेटी हरियाणा मार्का शराब बरामद हुई है। पकड़े गए तस्करों समेत उनके फरार साथियों के खिलाफ हथनीकुंड बैराज चौकी इंचार्ज की तरफ से रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।

थाना मिर्जापुर प्रभारी अनिल कुमार ने बताया कि हथनीकुंड बैराज चौकी क्षेत्र में बैराज के पास यमुना नदी के रास्ते तीन बाइकों पर सवार छह तस्कर हरियाणा से शराब लेकर यूपी की सीमा में आ रहे थे। सूचना मिलते ही चौकी इंचार्ज केके सिंह यमुना नदी में पहुंच गए और तस्करों की घेराबंदी कर ली। अपने को घिरता देख तस्करों ने पुलिस पर पथराव कर दिया। पथराव में सिपाही पवन कुमार घायल हो गया। तस्कर पथराव करते हुए बाइक लेकर भागने लगे। पुलिस ने दो तस्करों को पीछा करने के बाद पकड़ लिया, जबकि उनके साथी भाग निकले। पकड़े गए तस्करों के पास से चार पेटी हरियाणा मार्का शराब की बरामद हुई है।
पकड़े गए तस्करों ने अपने नाम मैनपाल पुत्र धर्म सिंह निवासी गांव फतेहपुर टांडा थाना मिर्जापुर व अम्बिका तिवारी पुत्र केसरी प्रसाद निवासी भवन नहर थाना खंड़सा जनपद फैजाबाद और अपने फरार साथियों के नाम वीरा पुत्र धर्म सिंह, मनीष पुत्र धर्म सिंह, काला पुत्र सुभाष, बबलू पुत्र सियाराम सभी निवासी गांव फतेहपुर टांडा थाना मिर्जापुर बताया। सभी आरोपियों के खिलाफ हथनीकुंड बैराज चौकी इंचार्ज केके सिंह की तरफ से जानलेवा हमले और शराब तस्करी की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।












Click it and Unblock the Notifications