नौ माह की बच्ची को आदमखोर कुत्तों ने नोंच-नोंचकर खाया, मां भरती रह गई पानी
सहारनपुर। कस्बा बेहट क्षेत्र के गांव दयालपुर में शुक्रवार की सुबह आदमखोर कुत्तों ने 9 माह की मासूम बच्ची को नोंच-नोंच कर खा लिया। कुत्ते बच्ची को घर से खींचकर पास ही जंगल में ले गए और मौत के घाट उतार दिया। मासूम की मौत से उसके परिवार में कोहराम मच गया, वहीं गांव के लोग भी आदमखोर कुत्तों को लेकर दशहत में नजर आए।

दिल दहला देने वाली यह घटना शुक्रवार की सुबह करीब 8 बजे की है। कोतवाली क्षेत्र के गांव दयालपुर निवासी संजय पेशे से टेलर हैं और हिमाचल प्रदेश के नारायणगढ़ में काम करते हैं। घर पर उसकी पत्नी दीपमाला अपने पांच बच्चों के साथ रह रही थी। सुबह उसके चार बच्चें स्कूल चले गए। दीपमाला घर पर 9 माह की बेटी सिद्धान्ती को चारपाई पर लैटा कर पास ही हैडपंप पर पानी भरने के लिए चली गई। इसी बीच आदमखोर आवारा कुत्ते घर में घुसे और सिद्धान्ती को खींचकर जंगल में ले गए। जब दीपमाला घर पर पहुंची तो सिद्धान्ती को चारपाई से गायब देखकर उसने आस-पड़ोस में उसकी तलाश की। तलाश के दौरान घर से कुछ दूरी पर एक खेत में पेड़ों के बीच उसका क्षत-विक्षत शव पड़ा मिला। कुत्ते उसके शरीर का ज्यादातर हिस्सा नोंच नोंच कर खा चुके थे।

मासूम बच्ची की मौत से उसके परिवार में कोहराम मच गया। बेटी की मौत से दीपमाला फूट-फूट कर रो रही थी। दादी गीता मासूम पोती के क्षत-विक्षत शव को कपड़े में लपेट कर एक चारपाई पर बदहवाश हालत में बैठी थी। उसकी आंखों के आंसू चुके थे। दादा रघुवीर भी चुपचाप के कोने में खड़े थे। गांव के लोग भी इस घटना के बाद से दहशत में है। ग्रामीणों का कहना है, कि वें छोटे बच्चों को लेकर चिंतित है।












Click it and Unblock the Notifications