बरेली: हलाला मामले में पुलिस ने सबीना के ससुर पर किया रेप का केस दर्ज
बरेली। भले ही 3 तलाक और हलाला पर अभी कानून नहीं बना है और सरकार इसी संसदीय सत्र में इस पर कानून बनाना चाहती है। वहीं, बरेली पुलिस ने निदा खान द्वारा सबीना के साथ हुए हलाला मामले को गंभीरता लिया है। बरेली पुलिस ने सबीना के ससुर के खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज किया है। सबीना के साथ उसके ससुर ने जबरन हलाला किया था।

बरेली के एसएसपी मुनिराज ने सबीना के साथ हुए अन्याय को गंभीरता से लिया और किला पुलिस को मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए। दरअसल 8 जुलाई को समाजसेवी और आला हजरत खानदान की बहु निदा खान ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी। जिसमे हलाला और तलाक पीड़ित महिलाओं ने मीडिया के सामने अपना दर्द बयां किया था। जिसमे किला थाना क्षेत्र के बानखाना में रहने वाली सबीना भी शामिल हुई थी।
सबीना ने बताया था कि उसके शादी के दो साल बाद तक कोई औलाद पैदा नही हुई जिस वजह से ससुराल वाले उसे प्रताड़ित करते थे। उसके पति ने इस वजह से उसे 3 तलाक दे दिया। पति के तलाक देने के बाद सबीना के ससुर ने उसके साथ जबरन हलाला किया, जिसके बाद उसके पति ने उससे फिर से निकाह कर लिया। कुछ दिनों बाद उसके पति ने उसे फिर तलाक़ दे दिया और उस पर देवर के साथ हलाला करने का दबाब बनाया गया।
इस मामले में एसपी सिटी ने बताया कि किला थाने में सबीना के ससुर पर रेप, पति पर अप्राकृतिक संबंध, देवर, ननद और सास पर दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज किया गया हैं। उनका कहना है जल्द ही आरोपियो को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications