बदमाश ने फिल्मी स्टाइल में लूट लिया कोरियर कंपनी का दफ्तर, वारदात CCTV में हुई कैद
इलाहाबाद। यूपी के इलाहाबाद में बेखौफ बदमाशों ने कोरियर कंपनी के ऑफिस में घुसकर वहां के कर्मचारी पर पिस्टल तानकर करीब साढ़े चार लाख रुपए लूट लिए। बदमाश ने घटना को पूरे फिल्मी स्टाइल में अंजाम दिया। वारदात ऑफिस में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है। सीसीटीवी में साफ नजर आ रहा है कि बदमाश मुंह पर गमछा बांधे और कुर्ता पायजामा पहने कर किस तरह लूट की वारदात को अंजाम दिया।

मैनेजर के अकेला होते ही हुई वारदात
इलाहाबाद के पन्ना लाल रोड के पास देल्ही वेरी नाम से एक ऑनलाइन प्रोडक्ट सप्लाई करने वाली कोरियर कंपनी का कार्यालय है। कार्यालय इंचार्ज हीरा लाल ने मंगलवार की रात लगभग सवा 8 बजे अपने सहयोगी धीरेन्द्र और गार्ड पंकज को दवा लेने के लिए मेडिकल स्टोर पर भेजा। दोनों के जाने के बाद हीरा लाल अकेला बैठा था अचानक 8:49 मिनट पर कुर्ता-पायजामा पहने एक युवक दफ्तर में दाखिल हुआ और वारदात को अंजाम देकर भाग निकला।

क्या था घटनाक्रम
पुलिस के अनुसार बदमाश ने चेहरे पर सफेद गमछा बांध रखा था और बच्चो वाला एक स्कूली बैग सीने की ओर लटकाकर टांगे हुआ था। यह सीधे ऑफिस काउंटर के पास पहुंचा और हीरालाल से कंपनी का नाम पूछा। इससे पहले की हीरालाल कुछ बोलते, बदमाश ने उनपर पिस्टल तान दी। बदमाश ने सारे पैसे देने को कहा और धमकी दी की चालाकी दिखाई तो खोपड़ी उडा दूंगा। हीरालाल ने काउंटर में रखे 4.40 लाख रुपए निकालकर बदमाश सामने रख दिए और बदमाश ने धडाधड पैसे बैग में रखे और बाहर निकल गया। बदमाश ने बाहर से दफ्तर का शटर भी बंद कर दिया ताकि हीरालाल तत्काल कुछ कर ना सके।

कर्मचारियों पर शक
घटना के कुछ देर में धीरेन्द्र और गार्ड पंकज भी दफ्तर पहुंचे और वारदात की जानकारी होते ही सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पुलिस अधिकारी पहुंचे और सीसीटीवी फुटेज खंगालने भी बाद कर्मचारियों से भी गहन पूछताछ हुई। एसएसपी नितिन तिवारी ने बताया कि कंपनी का पैसा तो इंश्योर्ड हैं, लेकिन कार्यालय के कर्मचारियों की भूमिका संदिग्ध है। फिलहाल जांच की जा रही है, जल्द ही खुलासा हो जायेगा।












Click it and Unblock the Notifications