RamjiLal Suman: सपा सांसद ने सरकार को घेरा, बोले- नोटबंदी और 370 के बाद भी देश में हमले क्यों हो रहे?
RamjiLal Suman Statement: समाजवादी पार्टी के सांसद रामजीलाल सुमन ने भारत-पाकिस्तान सीजफायर को लेकर केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि यह निर्णय भारत की स्वतंत्र नीति का नहीं, बल्कि अमेरिका के दबाव का परिणाम है।
उनका कहना था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमेरिका की चेतावनी के बाद यह कदम उठाया है। सपा सांसद मंगलवार को हाथरस जिले के मुरसान क्षेत्र में मृतक बच्चे के परिवार से मिलने पहुंचे थे। उन्होंने परिवार को ढांढस बंधाया और न्याय दिलाने का आश्वासन दिया।

इसके बाद मुरसान नगर पंचायत कार्यालय पहुंचकर उन्होंने मीडिया से बातचीत की। मीडिया से बातचीत के दौरान सपा सांसद रामजीलाल सुमन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विदेश नीति और केंद्र सरकार की मंशा पर सवाल उठाए।
रामजीलाल सुमन ने कहा कि अगर जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाकर और नोटबंदी जैसे कदम उठाकर आतंकवाद की कमर तोड़ी गई थी, तो फिर अब भी आतंकी घटनाएं क्यों हो रही हैं? उन्होंने सवाल किया कि पहलगाम में हाल ही में जो हमला हुआ, उसकी जिम्मेदारी कौन लेगा?
अमेरिका के दबाव में लिया गया फैसला?
सपा सांसद ने प्रधानमंत्री के हालिया 22 मिनट के भाषण को लेकर भी कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि सरकार जनता को गुमराह कर रही है। सीजफायर का निर्णय स्वेच्छा से नहीं, बल्कि अमेरिका की व्यापारिक धमकी के चलते लिया गया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि अमेरिका ने स्पष्ट रूप से कह दिया था कि अगर भारत सीजफायर नहीं करता तो व्यापारिक रिश्ते खत्म कर देगा। ऐसे में मोदी सरकार ने दबाव में आकर निर्णय लिया, जिसे अब देश के सामने उपलब्धि के रूप में पेश किया जा रहा है।
रामजीलाल सुमन यहीं नहीं रुके, उन्होंने भाजपा पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि अब देश की जनता प्रधानमंत्री की बातों पर विश्वास नहीं करती। उन्होंने कहा कि भाजपा में झूठ बोलने वालों की जमात बन चुकी है। हर बात को तोड़-मरोड़कर पेश किया जा रहा है।"
सपा सांसद का कहना था कि जनता अब पूरी तरह जागरूक हो चुकी है और ऐसे दिखावटी फैसलों से प्रभावित नहीं होने वाली। उन्होंने कहा कि राष्ट्रहित के नाम पर जब-तब फैसले लिए जा रहे हैं, लेकिन असली मंशा कुछ और है।
दलितों पर अत्याचार को लेकर भी दिखा आक्रोश
रामजीलाल सुमन ने प्रदेश सरकार पर भी हमला बोलते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में अपराधों की बाढ़ सी आई हुई है। खासतौर पर दलित समाज को निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने खुटीपुरी गांव में दलित बच्चे की हत्या की घटना को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताया।
उन्होंने कहा कि वह हमेशा दलितों के पक्ष में खड़े रहेंगे, चाहे उन्हें कितनी भी रुकावटों का सामना क्यों न करना पड़े। उन्होंने आरोप लगाया कि आगरा में उनके काफिले को रोका गया और प्रशासन ने उन्हें बाहर जाने नहीं दिया, लेकिन उनका संकल्प अडिग है।
हाल ही में अलीगढ़ में सपा सांसद के काफिले पर करणी सेना द्वारा हमले के बाद उनकी सुरक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट नजर आया। मुरसान में भी पुलिस बल तैनात किया गया। सादाबाद सीओ हिमांशु माथुर ने सुरक्षा की कमान संभाली और खुद खुटीपुरी गांव तक साथ गए।












Click it and Unblock the Notifications