मुलायम जिंदगी भर लोगों को धोखा देते आए, शिवपाल को भी नहीं मिलेगा न्याय -नरेश अग्रवाल
आगरा। पूर्व राज्यसभा सांसद और भाजपा नेता नरेश अग्रवाल आज आगरा पहुंचे। इस दौरान उन्होंने मीडिया से बातचीत में मुलायम सिंह यादव को लोगों को धोखा देने वाला बताते हुए शिवपाल यादव को अकेले चलने की सीख दी और कहा कि उन्हें मुलायम का न्याय कभी नहीं मिल पाएगा। अपने उद्बोधन में उन्होंने व्यापारियों को पुलिस और प्रशासन को दबाव में लेने के लिए अपने घर पर वरिष्ठ भाजपा नेता की नेम प्लेट लगाने और कार्यालय पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की फ़ोटो लगाने की नसीहत भी दे डाली। एससीएक्ट संशोधन पर सफाई देते हुए इसे मीडिया का दुष्प्रचार बताया।

बता दें कि आज नरेश अग्रवाल आगरा के अमर होटल में उत्तर प्रदेश व्यापार प्रकोष्ठ के जिला प्रभारियों से मिलने आगरा पहुंचे। यहां उनका व्यापारियों ने जोशीला स्वागत किया। नरेश अग्रवाल आगामी 29 को दिल्ली में आयोजित वैश्य सम्मेलन में लोगों को आने का न्योता दे रहे थे। उन्होंने व्यपारियों से कहा कि काफी समय से व्यापारी एकजुट नहीं हुए थे इसलिए उन्हें शक्ति कम लगने लगी थी, इसलिए दिल्ली में सम्मेलन का आयोजन किया गया है।
इस दौरान एससीएक्ट संशोधन पर उन्होंने कहा कि हम दलित का उत्पीड़न नहीं होने देंगे पर वैश्य समाज को इसमें गलत भी नही फंसाया जाएगा। उन्होंने कहा कि ऐसा नहीं है कि पहले एफआईआर नहीं होती थी पर मीडिया ने इसका गलत प्रचार कर दिया है।
शिवपाल यादव द्वारा सेक्युलर मोर्चा के गठन और राष्ट्रीय अध्यक्ष मुलायम सिंह को बनाने की बात पर उन्होंने कहा कि मुलायम ने हमेशा से लोगों को अपने से दूर रखा है और हमेशा अपनों को धोखा देते आए हैं। शिवपाल को चाहिए कि अकेले आगे बढ़े, हमने भी लोकतांत्रिक कांग्रेस अकेले ही आगे बढ़ाई थी और अगर शिवपाल यादव सोचते हैं कि उन्हें मुलायम से न्याय मिलेगा तो ऐसा नहीं हो पायेगा।
गठबंधन की बात पर उन्होंने कहा कि 2007 में मायावती ने सरकार बनाई और 2012 में अखिलेश ने सरकार बनाई और दोनो ही अपने काम की बात करते हैं कि हमने यह कर दिया वो कर दिया,फिर उन्हें मिलकर लड़ने की जरूरत क्यों पड़ रही है। जनता डरे हुए को चुनाव नहीं जिताती है। इस दौरान अमर सिंह पर बात करने पर उन्होंने कहा कि मैं इस पर कुछ कहना नहीं चाहता हूं।












Click it and Unblock the Notifications