यूपी के दो बाहुबली आमने-सामने, जौनपुर-प्रतापगढ़ में रोमांचक हुआ मुकाबला
लोकसभा चुनाव के चार चरण समाप्त हो चुके हैं। पांचवे चरण का मतदान 20 मई को होना है। ऐसे में पांचवे चरण के मतदान से ठीक पहले उत्तर प्रदेश से बड़ी खबर सामने आई है।
प्रदेश में सबसे अधिक लोकसभा सीटें पूर्वांचल में हैं, ऐसे में यहां का राजनीतिक समीकरण काफी मायने रखता है। पांचवे चरण में जिस तरह से दो बाहुबली आमने -सामने आए हैं उसके बाद नए समीकरण बनते दिख रहे हैं।

राजा भैया ने भाजपा से बनाई दूरी
उत्तर प्रदेश के कुंडा से बाहुबली विधायक और जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के अध्यक्ष रघुराज प्रताप सिंह ऊर्फ राजा भैया की भाजपा के साथ बात बनती नहीं दिख रही है। उन्होंने साफ कर दिया है कि वह भाजपा के किसी उम्मीदवार का समर्थन नहीं करेंगे।
जबकि जौनपुर के पूर्व सांसद धनंजय सिंह ने भाजपा के समर्थन का ऐलान कर दिया है। इस चुनाव में राजा भैया ने भाजपा से दूरी बना रखी है। उन्होंने मंगलवार को कहा कि पार्टी के कार्यकर्ता और समर्थक जो ठीक लगे वो फैसला ले सकते हैं।
कौशांबी पर दो प्रमुख उम्मीदवार हैं, उनमे से कोई भी ऐसा नहीं है जो लोगों के सुख-दुख में शामिल हो सके। मैं खुद की गारंटी ले सकता हूं लेकिन दूसरे दल के नेता की गारंटी नहीं ले सकता। इस चुनाव में किसी भी दल के उम्मीदवार को समर्थन नहीं दिया जाएगा।
धनंजय करेंगे भाजपा का समर्थन
वहीं धनंजय सिंह ने अपना दांव इस चुनाव में बदल दिया है। उन्होंने भाजपा के समर्थन का ऐलान करके हर किसी को चौंका दिया है। उन्होंने इंडिया गठबंधन के उम्मीदवार बाबू सिंह कुशवाहा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि उन्हें कोई नहीं जानता है।
भाजपा ने यहां कृपा शंकर को टिकट दिया है उन्हें तो फिर भी लोग जानते हैं। चूंकि मैं यह चुनाव नहीं लड़ रहा हूं, लिहाजा यहां से भाजपा को समर्थन देने का फैसला लिया है।
आखिरी समय पर बसपा ने बदला उम्मीदवार
जौनपुर लोकसभा सीट पर भाजपा ने कृपाशंकर सिंह को टिकट दिया है। जबकि सपा-कांग्रेस गठबंधन ने बाबू सिंह कुशवाहा को मैदान में उतारा है। मायावती की बात करें तो उन्होंने यहां श्याम सिंह यादव को टिकट दिया है।
पहले बसपा ने यहां धनंजय की पत्नी श्रीकला को टिकट दिया था। लेकिन नामांकन के आखिरी दिन श्याम सिंह को टिकट दे दिया गया।
जौनपुर में धनंजय सिंह का प्रभाव
जौनपुर में धनंजय सिंह का काफी प्रभाव है। वह यहां सांसद रह चुके हैं। इनका वोट बैंक प्रतापगढ़ और कौशांबी तक है। ऐसे में धनंजय सिंह के भाजपा का समर्थन का ऐलान करने के बाद यहां मुकाबला दिलचस्प हो गया है। बता दें कि पिछले चुनाव में भाजपा जौनपुर सीट हार गई थी।
कुंडा-कौशांबी में राजा भैया का दबदबा
राजा भैया की बात करें तो प्रतापगढ़ और कौशांबी में उनका काफी दबदबा माना जाता है। यहां से राजा भैया की भाजपा की दूरी असर डाल सकती है। यहां भाजपा को काफी मेहनत करनी पड़ेगी। भाजपा ने कौशांबी से विनोद सोनकर तो प्रतापगढ़ से संगम लाल गुप्ता को टिकट दिया है।












Click it and Unblock the Notifications