कद्दावर कांग्रेस नेता के 'राजमहल' पर टैक्स अधिकारियों का छापा, हुई बदसूलकी
मेरठ। यूपी के मेरठ में लंबे वक्त से टैक्स चोरी के आरोपी कांग्रेसी नेता रमेश धींगड़ा पर सेन्ट्रल जीएसटी की टीम ने शिकंजा कस दिया है। मेरठ के पॉश इलाके आबूलेन में स्थित कांग्रेसी नेता रमेश धींगड़ा के राजमहल होटल पर सेन्ट्रल जीएसटी की टीम ने छापा मारा।

अफसरों से बदसलूकी, मौके पर पहुंची पुलिस
छापे के दौरान टीम के अफसरों से होटल के बाउन्सर्स ने जमकर बदसलूकी की है। इसके अलावा राजमहल होटल से जुड़े सबूतों की एक पेन ड्राइव भी अफसरों से बाउन्सर्स ने छीन ली। होटल में पल रहे गुंडों का शिकार बने अफसरों ने अपनी मदद के लिए पुलिस और विभाग के बड़े अफसरों को फोन किया तो उनकी मदद के लिए मौके पर पुलिस पहुंची।

होटल में व्यापारी नेता आ धमके
तब तक होटल पर व्यापारी नेताओं का जमावड़ा लग चुका था जो टीम की छापेमारी का विरोध कर रहे थे। जीएसटी टीम ने बताया कि होटल ग्राहकों से टैक्स वसूल कर रहा है, लेकिन करीब 4 साल से होटल के मालिक टैक्स अदा नहीं कर रहे है। पुलिस के पहुँचने के बाद अफसरों को पेन ड्राइव वापिस मिली और अफसरों ने जांच की कार्रवाई शुरू की।

कैंट सीट से प्रत्याशी रहे थे रमेश धींगड़ा
रमेश धींगड़ा हालिया विधानसभा चुनाव में कैंट सीट से कांग्रेस के प्रत्याशी भी रहे हैं। अफसरों का कहना है कि जांच के बाद कांग्रेसी नेता के गुर्गों के खिलाफ केस दर्ज कराया जायेगा। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद बड़ी टैक्स चोरी के खुलासे की संभावना है।












Click it and Unblock the Notifications