आखिरकार यूपी में राहुल गांधी की यात्रा में शामिल होंगी बहन प्रियंका, जानिए क्या है प्लान
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा शुक्रवार को अपने भाई राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा में यूपी से शामिल होंगी। मणिपुर से मुंबई तक की राहुल की इस यात्रा के अबतक 33 दिन गुजर चुके हैं, लेकिन प्रियंका गांधी वाड्रा ने इससे दूरी बनाई रखी है।
यूपी में यात्रा में शामिल होंगी प्रियंका-रिपोर्ट
न्यूज एजेंसी पीटीआई ने सूत्रों के हवाले से यह खबर दी है कि भारत जोड़ो न्याय यात्रा शुक्रवार शाम को उत्तर प्रदेश में प्रवेश करेगी। इसी दौरान जब बिहार से होते हुए राहुल की यात्रा चंदौली पहुंचेगी तो प्रियंका गांधी भी उसमें शामिल हो जाएंगी।

राहुल ने गुरुवार को औरंगाबाद में की रैली
राहुल गांधी की यह यात्रा गुरुवार को बिहार में है, जहां उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के साथ औरंगाबाद में एक बड़ी रैली को संबोधित किया है। राहुल गांधी की यह यात्रा गुरुवार को बिहार के ही सासाराम में रात्रि विश्राम करेगी। यह जानकारी कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने दी है।
शुक्रवार शाम को उत्तर प्रदेश पहुंचेगी राहुल की यात्रा
जयराम रमेश ने बताया है कि शुक्रवार शाम को राहुल की यह यात्रा उत्तर प्रदेश पहुंचेगी। रमेश ने इस बात का भी जिक्र किया कि यूपी सबसे ज्यादा लोकसभा सांसदों को चुनकर भेजता है।
यूपी में 8 दिन रहेगी राहुल गांधी की यात्रा
कांग्रेस नेता ने यह भी स्पष्ट किया है कि उत्तर प्रदेश में यह यात्रा छोटी नहीं की जाएगी और 8 दिनों तक देश के सबसे ज्यादा आबादी वाले सूबे से गुजरेगी। पहले यह यात्रा यूपी में 16 से 21 फरवरी तक चलेगी और फिर 24 और 25 फरवरी को फिर से शुरू होगी।
24-25 फरवरी को पश्चिमी यूपी से गुजरेगी कांग्रेस की यात्रा
कांग्रेस नेता के मुताबिक 22 और 23 फरवरी को आराम का दिन रखा गया है। 24 और 25 फरवरी को भारत जोड़ो न्याय यात्रा पश्चिमी उत्तर प्रदेश से होकर गुजरेगी। उनके मुताबिक संभावना है कि 25 फरवरी की रात में यह यात्रा यूपी में ही ठहरेगी।
प्रियंका ने अबतक इस यात्रा से बनाई है दूरी
मणिपुर से लेकर मुंबई तक की यह यात्रा 15 राज्यों से गुजरते हुए 6,700 किलोमीटर की दूरी तय करने के लिए निकली है। इस यात्रा से अबतक प्रियंका ने जिस तरह से दूरी बनाए रखी थी, उसको लेकर उनकी नाराजगी तक की अटकलें लग रही थीं।
कांग्रेस में अभी प्रियंका गांधी को बिना किसी प्रभार के महासचिव बनाया गया है, जिसकी वजह से तरह-तरह की कयासबाजियों को हवा मिली है। कांग्रेस से हाल ही में निष्कासित और प्रियंका के करीबी माने जाने वाले पार्टी नेता प्रमोद कृष्णम ने भी इस तरह के आरोप लगाए है।
बता दें कि प्रियंका पहले यूपी की ही प्रभारी कांग्रेस महासचिव थीं, लेकिन उन्हें अब बिना पोर्टफोलियो वाला महासचिव बना दिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications