अयोध्या: 'रामलला के दानपात्र से आभूषण चोरी कर बाबू बना करोड़पति', मुख्य पुजारी ने की जांच की मांग
अयोध्या। उत्तर प्रदेश के अयोध्या में रामजन्म भूमि में रामलला के मुख्य पुजारी आचार्य सत्येंद्र दास ने रामलला के दानपात्र में घोटाले का आरोप लगाया है। बताया कि करोड़ों के गहने गायब हैं। सन 2000 के बाद के अभिलेखों में आभूषण का कोई उल्लेख नहीं है। मुख्य पुजारी के आरोप के बाद जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया है। मुख्य पुजारी ने रामलला के रिसीवर मंडल के कार्यालय में तैनात अधिकारी बसंत लाल मौर्या पर गंभीर आरोप लगाया है।

लिपिक पर लगाया करोड़ों की संपत्ति बनाने का आरोप
मुख्य पुजारी आचार्य सत्येंद्र दास ने कहा कि रामलला के दानपात्र में आने वाले करोड़ों के आभूषण को गायब कर दिया गया है। वर्ष 2000 के बाद अभिलेखों में आभूषण का कोई उल्लेख नहीं किया गया है। आरोप लगाया कि कमिश्नर कार्यालय में तैनात बाबू बसंत लाल मौर्या रामलला के दानपात्र से आभूषण चोरी कर अभिलेखो में हेराफेरी कर करोड़ों की संपत्ति का मालिक बन बैठा है। रामलला के दानपात्र से करोड़ों के दान में आए आभूषण गायब कर दिए गए हैं।
कार्रवाई न करने का आरोप लगा सीएम से की शिकायत
मुख्य पुजारी ने यह आरोप लगाया कि जब इसकी शिकायत मंडलायुक्त से की जाती है तो सब चुप हो जाते हैं। जितने भी मंडलायुक्त आए, बसंत लाल मौर्या सभी पर हावी रहा है। सारे मंडलायुक्त केवल बसन्त लाल मौर्या की ही बात मानते हैं। मुख्य पुजारी ने इसकी शिकायत सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी की है। मुख्यमंत्री से शिकायत करते हुए मुख्य पुजारी ने इस घोटाले की जांच की मांग भी की है।












Click it and Unblock the Notifications