VIDEO: राष्ट्रपति ने प्रेमानंद महाराज को देखते ही किया प्रणाम! सादगी ने जीता दिल, क्या हुई आध्यात्मिक चर्चा?
President Droupadi Murmu met Premanand Maharaj: भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू उत्तर प्रदेश के तीन दिवसीय दौरे पर हैं। इस दौरे के दूसरे दिन वह आज शुक्रवार को धर्म नगरी वृंदावन पहुंचीं। यहां उन्होंने प्रसिद्ध संत प्रेमानंद महाराज के आश्रम 'श्री हित राधा केलि कुंज' में उनसे विशेष भेंट की। सुबह करीब 9:30 बजे राष्ट्रपति का काफिला आश्रम पहुंचा, जहां महाराज जी ने 'राधे-राधे' के उद्घोष के साथ उनका स्वागत किया।
राष्ट्रपति मुर्मू और प्रेमानंद महाराज के बीच यह मुलाकात करीब 27 मिनट तक चली। इस दौरान राष्ट्रपति ने बैठकर महाराज जी के विचार सुने और उनसे देश की सुख-समृद्धि के लिए आशीर्वाद मांगा।

दोनों के बीच क्या हुई आध्यात्मिक चर्चा?
आधिकारिक जानकारी के अनुसार, राष्ट्रपति और प्रेमानंद महाराज के बीच इस मुलाकात में आध्यात्मिक मूल्यों और समाज के कल्याण में विश्वास की भूमिका पर चर्चा हुई। इससे पहले उन्होंने अयोध्या में श्री राम जन्मभूमि मंदिर की दूसरी मंजिल पर 'श्री राम यंत्र' की स्थापना की और मथुरा के इस्कॉन मंदिर में संध्या आरती में भी भाग लिया।
गोवर्धन परिक्रमा के साथ संपन्न होगा दौरा
आज के अगले कार्यक्रमों में राष्ट्रपति बाबा नीम करोली के स्मारक का दौरा करेंगी और रामकृष्ण मिशन सेवाश्रम में एक अत्याधुनिक ऑन्कोलॉजी ब्लॉक (कैंसर वार्ड) का उद्घाटन करेंगी। इसके अलावा, वह साध्वी ऋतंभरा द्वारा स्थापित वात्सल्य ग्राम भी जाएंगी। राष्ट्रपति का यह दौरा 21 मार्च को गोवर्धन के दानघाटी मंदिर में पूजा और पवित्र गोवर्धन परिक्रमा के साथ संपन्न होगा, जिसके बाद वह नई दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगी।
कितने साल के हो गए प्रेमानंद महाराज?
कानपुर के ब्राह्मण परिवार में जन्मे अनिरुद्ध कुमार पांडे (अब प्रेमानंद महाराज) का जीवन संघर्ष और भक्ति का अद्भुत संगम है। अंग्रेजी कैलेंडर के अनुसार उनका जन्म 30 मार्च 1969 को हुआ था, जिसके मुताबिक उनकी उम्र 57 वर्ष हो गई है। हालांकि, महाराज अपना जन्मदिन हिंदू पंचांग के अनुसार चैत्र नवरात्रि के प्रथम दिन मनाते हैं। दोनों किडनियां खराब होने के बावजूद, जिस ऊर्जा से वे भक्तों का मार्गदर्शन करते हैं, वह किसी चमत्कार से कम नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications