योगी का शपथ ग्रहण: मस्जिदों में भी मांगी जाएंगी दुआएं, BJP शासित राज्यों के CM को भी मिला न्यौता
लखनऊ, 23 मार्च: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव के बाद योगी आदित्यनाथ के दूसरे शपथ ग्रहण समारोह को भव्य बनाने के प्रयास में, भारतीय जनता पार्टी नेतृत्व ने फैसला किया है कि कम से कम दो पार्टी कार्यकर्ताओं को ग्राम स्तर के केंद्रों से लाया जाएगा ताकि वे 25 मार्च को लखनऊ में भव्य कार्यक्रम देख सकें। बीजेपी के सूत्रों की माने तो यूपी आलकमान ने पूरे प्रदेश में कार्यकर्ताओं से अपील की है कि वो सुबह दो घंटे मंदिरों की साफ सफाई करें। साथ ही बीजेपी से जुड़े मुस्लिम कार्यकर्ता भी मस्जिदों में योगी सरकार के लिए दुआ मांगते नजर आएंगे। कई जगहों पर मस्जिदों में भी इबादत का कार्यक्रम रखा जाएगा।

बीजेपी शासित मुख्यमंत्रियों को न्यौता
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के शपथ ग्रहण के मौके पर पूरे देश में बीजेपी शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों और उपमुख्यंत्रियों को न्यौता भेजा गया है। इसके साथ ही बड़े उद्योगपतियों की सूची तैयार की गई जिन्हें बुलाया गया है। योग गुरू बाबा रामदेव के भी शपथ ग्रहण में शामिल होने की उम्मीद जतायी जा रही है। बीजेपी सूत्रों की माने तो 12 राज्यों के मुख्यमंत्री शपथ ग्रहण में शामिल होंगे जिसमें कर्नाटक, हरियाणा, मध्य प्रदेश, असम, अरुणांचल प्रदेश, त्रिपुरा, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, मणिपुर शामिल है। इसके साथ ही बीजेपी के सहयोग से जिन राज्यों में सरकारें चल रही हैं वहां भी मुख्यमंत्रियों को न्यौता भेजा गया है।

पूरे प्रदेश के जिला कार्यालयों को सजाया जाएगा
योगी के शपथ ग्रहण के दिन पूरे प्रदेश में बने जिला कार्यालयों को सजाया जाएगा। वहां लाइटिंग करने के निर्देश दिए गए हैं। जिला स्तर पर होने वाले आयोजन की जिम्मेदारी पदाधिकारियों को सौंप दी गई है। प्रमुख चौराहों को सजाने की जिम्मेदारी युवा मोर्चा के पदाधिकारियों को सौंपी गई है। पहली बार ऐसा हो रहा है जब शपथ ग्रहण के दौरान जिला कार्यालयों को भी सजाया जाएगा। जिला स्तर पर होने वाले कार्यक्रमों की रिपोर्ट प्रदेश नेतृत्व को भेजी जाएगी। जिला कार्यालयों को सजाने के साथ ही वहां पर कार्यकर्ताओं की तरफ से लोगों को मिठाइयां बांटकर खुशियां मनाईं जाएंगी।

मंदिरों में होगी साफ सफाई और पूजा पाठ
शपथ ग्रहण के दिन राज्य भर के मंदिरों में विशेष पूजा की जाएगी और भाजपा कार्यकर्ता विशेष सफाई अभियान चलाएंगे और यह सुनिश्चित करेंगे कि शपथ ग्रहण समारोह पूरा होने तक पूजा जारी रहे। इस बीच लखनऊ जिला प्रशासन इस आयोजन को यादगार बनाने के लिए कमर कस रहा है। अपर मुख्य सचिव (गृह) अवनीश अवस्थी ने अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम में शपथ ग्रहण समारोह स्थल का दौरा किया और तैयारियों का जायजा लिया।

प्रवासी कार्यकर्ताओं को भी मिल रहा शपथ ग्रहण का न्यौता
विधानसभा चुनाव में कार्यरत भाजपा विस्तारक और प्रवासी कार्यकर्ताओं को भी समारोह में आमंत्रित किया जा रहा है। गौरतलब है कि एक दिन पहले ही प्रत्येक क्षेत्र से दो-दो कार्यकर्ताओं को लखनऊ बुलाया गया है और पार्टी ने ठहरने और परिवहन की व्यवस्था की है। नई सरकार के गठन की तैयारियों के साथ ही राज्य संपत्ति विभाग ने भी इसकी तैयारी कर ली है। सभी 403 विधायकों को आवास आवंटित कर दिए गए हैं। मंत्री पद की शपथ लेने वालों के लिए भी बंगले तैयार हैं। इसके अलावा राज्य संपत्ति विभाग के पास भी करीब 200 वाहनों का बेड़ा है। जरूरत पड़ने पर कार किराए पर भी ली जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications