Atiq Ahmed Ward: अतीक अहमद के गढ़ चकिया में कौन जीता, सपा या बीजेपी? सीएम योगी ने की थी रैली
Atiq Ahmed के Ward में समाजवादी पार्टी की प्रत्याशी जीत गईं। वहां पर सीएम योगी ने भी रैली की थी। साथ ही माफियाराज पर जमकर हमला बोला था।

उत्तर प्रदेश में निकाय चुनाव संपन्न हो गए, जहां बीजेपी ने काफी अच्छा प्रदर्शन किया। इस चुनाव से पहले प्रयागराज में माफिया अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ का मर्डर हुआ था। ऐसे में लोगों के मन में सवाल है कि जहां पर अतीक का घर है, उस वार्ड में कौन सी पार्टी जीती?
अतीक अहमद का पैतृक घर प्रयागराज नगर निगम वार्ड 44 चकिया में है। वहां पर बीजेपी ने काफी प्रचार किया था, लेकिन उसे कामयाबी नहीं मिली। अंतिम नतीजों में समाजवादी पार्टी ने बाजी मारी। उसकी प्रत्याशी जहां आरा ने बीजेपी को हराया।
वहीं दूसरी ओर प्रयागराज में मेयर पद के लिए बीजेपी ने अच्छा प्रदर्शन किया। वहां से गणेश केसरवानी ने बाजी मारी है। वहीं दूसरे नंबर पर समाजवादी पार्टी रही। दोनों दलों में वोटों का अंतर दोगुने के करीब था। हालांकि यूपी के मंत्री नंद गोपाल नंदी के वार्ड में बीजेपी बुरी तरह से हारी।
सीएम योगी ने की थी रैली
चकिया पर बीजेपी का काफी फोकस था, जिस वजह से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी वहां पर रैली की थी। उस दौरान उन्होंने माफियाराज पर जमकर हमला बोला था। सीएम ने उस वक्त कहा था कि कुछ लोगों ने प्रयागराज को अन्याय और अत्याचार का शिखर बना दिया था, लेकिन ये धरती सबका हिसाब बराबर करके रख देती है।
कैसे हुई थी अतीक की हत्या?
दरअसल उमेश पाल हत्याकांड में अतीक और उसके भाई अशरफ का नाम सामने आया था। जिस पर प्रयागराज पुलिस ने जेल से दोनों को रिमांड पर लिया, लेकिन कोर्ट ने रोजाना उनका मेडिकल करवाने का आदेश दिया था। 15 अप्रैल की रात को पुलिस दोनों को अस्पताल लेकर गई थी। वहां पर तीन लोगों ने हमला किया।
तीनों शूटर पत्रकार बनकर अतीक के करीब पहुंचे थे और उन्होंने कड़ी सुरक्षा में दोनों भाइयों को मार गिराया। हालांकि बाद में पुलिस ने उनको गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने बताया कि फेमस होने के लिए उन्होंने ये काम किया।
बेटे का हुआ था एनकाउंटर
अतीक की मौत से पहले यूपी पुलिस ने उसके बेटे असद का एनकाउंटर कर दिया था। वो झांसी में अपने साथी शूटर के साथ भागने की कोशिश कर रहा था।












Click it and Unblock the Notifications