यूपी में दबंग-पुलिस की मिलीभगत से परेशान गरीब ने सीएम योगी से मांगी इच्छा मृत्यु
रामपुर। यूपी में रामपुर जिले में दबंगों द्वारा गरीब पीड़ित की जमीन पर अवैध निर्माण कराने की शिकायत करना पीड़ित को ही मंहगा पड़ गया। पुलिस शिकायत करने पर उसे ही हवालात में डाल दिया गया। इस पुलिसिया उत्पीड़न से तंग आकर फरियादी ने मुख्यमंत्री से इच्छा मृत्यु की गुहार लगाई है।

दबंगों ने कहा, जमीन दे दो
जिले के सिविल लाइंस के क्षेत्र मंसूरपुर में गुलाम साबिर का घर है। साबिर का आरोप है कि घर के बराबर ही दबंग किस्म का व्यक्ति उस्मान रहता है जिसकी हलका प्रभारी से अच्छी सांठ-गांठ है। गुलाम साबिर अपने घर में करीब 20 दिन पहले निर्माण करा रहा था तो दबंग उस्मान वहां आ पहुंचा और कहा कि हलका प्रभारी बुला रहे हैं। हलका प्रभारी ओम शुक्ला के पास पहुंचने पर दोनों ने गुलाम साबिर से कहा कि उसकी जमीन उसे पसंद आ गई है और मुंहमांगी कीमत ले लो।

'हवालात में बार-बार किया गया टॉर्चर'
चाय बेचकर अपना व परिवार का गुजारा करने वाले गरीब का आशियाना उसका एक मात्र सहारा होने के नाते गुलाम साबिर ने दोनों को मना कर दिया और वहां से चला आया। अपनी जमीन पर दोबारा निर्माण करने पर उस्मान फिर वहां आ पहुंचा और कहा कि तुम्हें कोतवाली बुलाया गया है। कोतवाली पहुंचने पर गुलाम साबिर को ही हवालात में ठूंस दिया गया। दिनभर प्रताड़ित करने के बाद उसे जमीन उस्मान को बेच देने का दबाव बनाते हुए छोड़ दिया गया।

सीएम योगी से मांगी इच्छा मृत्यु
गुलाम साबिर के न मानने पर उसे तीन दिन बाद फिर बुलाकर हवालात में ठूंसकर टॉर्चर किया गया। गुलाम साबिर का यह भी आरोप है कि उसे फिर छोड़ देने के बाद उस्मान तमंचों से फायर करता हुआ उसके घर पहुंच गया और उसे जान से मारने की धमकी देने लगा। किसी प्रकार जान बचाकर भागे गुलाम साबिर ने इसकी शिकायत फिर पुलिस से की जिस पर उसे एक बार फिर हवालात में डाल कर यातना दी गई। बार-बार शिकायत करने पर उसे ही हवालात की हवा कम और लातें ज्यादा मिलने के कारण पीड़ित फरियादी गुलाम साबिर का पुलिस पर से भरोसा उठ गया और वह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से इच्छा मृत्यु की इजाजत मांग रहा है।












Click it and Unblock the Notifications