सपा से निष्काषित किए जाने के बाद सीएम योगी से मिली पूजा पाल, क्या भाजपा में हो रहीं शामिल
Pooja Pal meets CM Yogi: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तारीफ करने के बाद समाजवादी पार्टी (सपा) ने अपनी पार्टी की विधायक पूजा को 14 अगस्त को निष्कासित कर दिया था। निष्कासित के बाद विधायक पूजा पाल ने शनिवार को लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सरकारी आवास पर उनसे मुलाकात की।
कौशांबी जिले की चायल सीट से विधायक पूजा पाल की यह मुलाकात उत्तर प्रदेश की राजनीतिक गलियारों में चर्चा का केंद्र बनी हुई है। इसे प्रदेश की सियासत में नए समीकरणों के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है। सीएम योगी से हुई मुलाकात के बाद माना जा रहा है कि पूजा पाल जल्द ही भाजपा में शामिल हो सकती हैं।

पूजा पाल का सपा से निष्कासन पार्टी के आंतरिक विवाद और कुछ स्थानीय मुद्दों के कारण हुआ था। विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान 'विजन-2047' पर चल रही चर्चा में भाग लेते हुए उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनके उन "छिपे हुए आंसुओं" को देखा, जिन्हें वर्षों तक किसी ने नहीं देखा था।
पाल ने कहा कि मुख्यमंत्री की सख्त कार्रवाई और अपराध नियंत्रण की नीति के कारण ही उनके पति के हत्यारों को कानून के कटघरे में लाया जा सका। पूजा पाल के पति राजू पाल, जो बहुजन समाज पार्टी के नेता थे और प्रयागराज शहर पश्चिम से विधायक चुने गए थे, की हत्या 2005 में हुई थी।
राजू पाल की हत्या के आरोप में अतीक अहमद और उनके भाई अशरफ पर मुकदमा चल रहा था। 15 अप्रैल 2023 को प्रयागराज में न्यायिक हिरासत के दौरान दोनों भाइयों की हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद से पूजा पाल का झुकाव भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति बढ़ा है।
पूजा पाल ने बताया कि उन्होंने विधानसभा चुनाव समाजवादी पार्टी के टिकट पर लड़ा था, लेकिन बाद में योगी सरकार की नीतियों से प्रभावित होकर भाजपा का समर्थन किया। उन्होंने पिछले राज्यसभा चुनाव और विधानसभा उपचुनाव में भी भाजपा का समर्थन किया। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने योगी आदित्यनाथ को अपना "भाई" भी बताया था।
विधानसभा में पूजा पाल ने कहा, "सब जानते हैं कि मेरे पति की हत्या किसने की। मैं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त करती हूं, जिन्होंने मेरी बात सुनी, जो किसी ने नहीं सुनी थी।" उन्होंने यह भी जोड़ा कि पूरे राज्य में लोग मुख्यमंत्री पर भरोसा कर रहे हैं और कई परिवारों को योगी सरकार के नेतृत्व में न्याय मिला है।
पूजा पाल ने मुख्यमंत्री को अतीक अहमद जैसे अपराधियों और माफियाओं का "सफाया" करने के लिए धन्यवाद दिया, जिससे कई शोकाकुल परिवारों को न्याय मिल सका।












Click it and Unblock the Notifications