यूपी चुनाव: नाले से तमंंचों का जखीरा बरामद, फैली सनसनी
पुलिस ने जिले के ग्रामीण क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाकर 21 तमंचे बरामद किये हैं। पुलिस के अनुसार इन हथियारों का इस्तेमाल विधानसभा चुनाव में गड़बड़ी फैलाने के लिये किया जाना था।
एटा। लखनऊ में आतंकवादी मुठभेड़ के बाद एटा में रेड अलर्ट के दौरान हुई सघन चेकिंग में भारी मात्रा में हथियार बरामद हुये हैं। ये हथियार एक नाले से बरामद हुये हैं। पुलिस ने 12 बोर के 21 तमंचे बरामद किये हैं।

पुलिस के अनुसार इन हथियारों को विधान सभा चुनाव के दौरान इस्तेमाल किया जाना था। अब पुलिस इन हथियारों को यहां छिपाने वालों की तलाश कर रही है। लखनऊ में आतंकवादी से हुयी मुठभेड़ के बाद रेड अलर्ट के दौरान चेकिंग अभियान चलाया गया।
चेकिंग के दौरान कोतवाली देहात क्षेत्र में मानपुर से निकले एक नाले के किनारे से 12 बोर के 21 तमंचे बरामद होने से पूरे शहर में सनसनी फैल गयी। पुलिस के अनुसार विधानसभा चुनाव में गड़बड़ी फैलाने के लिये तमंचों की ये खेप लायी गयी थी। लेकिन उस समय सख्ती होने की वजह से इन तमंचों को नाले में छिपाकर रखा गया था ।

मंगलवार को जब पूरे प्रदेश में हाई अलर्ट किया गया तो एटा में भी अलर्ट के दौरान चलाये गए तलाशी अभियान में बड़ी संख्या में हथियारों का ये जखीरा बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार इन तमंचों की खेप लाने वाले आरोपी की पहचान कर ली गयी है और बहुत जल्दी ही आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया जायेगा। इस क्षेत्र के सीओ ने बताया कि प्रदेश में हाई अलर्ट के चलते चेकिंग अभियान अभी आगे भी जारी रहेगा ।












Click it and Unblock the Notifications