यूपी: पुलिस ने बाजार में सबके सामने युवक की लाठी-डंडों से की पिटाई, वीडियो हुआ वायरल
अलीगढ़। यूपी पुलिस और उसके कारनामे हमेशा ही चर्चा में बने रहते हैं। कुछ ऐसा ही मामला अलीगढ़ में सामने आया, जहां पुलिस द्वारा एक युवक को बुरी तरह पीटा गया है। पुलिस ने बीच बाजार सड़क पर युवक को लाठी-डंडे और लात से मारना शुरू कर दिया। भीड़ ने जब युवक को बचाने का प्रयास किया तो पुलिस वालों का कहना था कि वो एक अपराधी है। युवक के खिलाफ वारंट निकला हुआ है, जिसके बाद से वो फरार चल रहा है। इसी बीच युवक की पिटाई का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है जो पुलिस पर सवालिया निशान खड़ा कर रहा है।

इस वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि तीन पुलिसकर्मी एक युवक को जानवरों की तरह पीट रहे हैं। यह मामला थाना इगलास के गांव गोरई का बताया जा रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार अलीगढ़ के गोरई पुलिस चौकी के दारोगा धीरज अपने दो सिपाही सोनू व रतेंद्र के साथ अजीत नाम के युवक को लाठी-डंडे और लात-घूसों से सरे बाजार पीट रहे हैं। जो कि दो मुकदमों में वांछित चल रहा था।
दबिश के दौरान पुलिस ने युवक को पकड़ लिया और पुलिस चौकी पर ले गई। अपने साथ ले जाते वक्त पुलिस कर्मियों ने मानवता को तार-तार करते हुए उसे बेइंतहा पीटना शुरू कर दिया। जिसका विरोध वहां मौजूद स्थानीय लोगों के भीड़ ने किया। जिसके बाद दरोगा और दोनों पुलिसकर्मी उस युवक को अपने साथ ले गए। इस पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। इस मामले पर पुलिस अपनी अलग ही राग अलाप रही है। पुलिस युवक को अपराधी व वारंटी कहकर अपना पल्ला झाड़ रही है।












Click it and Unblock the Notifications