अखिलेश के 'यादवों' को अभिभूत करने के लिए मोदी ने खेला गढ़वा दांव
समाजवादी पार्टी के यादवों के वोट बैंक में सेंध लगाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गढ़वा घाट पहुंचे और उन्होंने इस कार्यक्रम की कमान भी एक यादव को सौंपी थी।
वाराणसी। विधानसभा चुनाव के काशी के तीन दिवसीय दौरे पर सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी काशी के गढ़वा घाट से लेकर पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के रामनगर आवास तक पहुंचे। प्रधानमंत्री अपने तय समय से करीब 1 घंटे की देरी से सामने घाट के गढ़वा घाट आश्रम पहुंचे। यह आश्रम उत्तर प्रदेश में यादवों का गढ़ माना जाता है। आश्रम पहुंचते ही पीएम मोदी ने गायों को चारा खिलाया तो साथ ही वहां बने मंदिर में शीश भी झुकाये।

उत्तर प्रदेश के यादवों की पीठ है गढ़वा घाट आश्रम
पीएम नरेंद्र मोदी लगातार तीसरे दिन अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी में डटे रहे। सुबह पीएम गढ़वाघाट पहुंचे। यहां उन्होंने आश्रम के लोगों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने गाय को चारा भी खिलाया तो आश्रम के पीठाधीश्वर ने उन्हें सम्मान पत्र भी दिया। पीएम को यहाँ एक सभा को संबोधित करना था पर माइक खराब होने की वजह से मंच पर सिर्फ अभिवादन के बाद उनको वापस लौटना पड़ा।

बिल्कुल अलग अंदाज में दिखे मोदी
आश्रम के लोगों ने उन्हें रुद्राक्ष की माला भेंट की तो उन्होंने इसे गले में भी पहना। इस तरह वे बिल्कुल अलग अंदाज में नजर आए। इससे पहले मोदी ने अपने नेपाल यात्रा के रुद्राक्ष की माला पहनी थी। इस आश्रम में पीठाधीश्वर के मोदी को सम्मान पत्र दिया तो साथ ही तकनीकी खराबी के लिए आश्रम में बने मंच से मोदी संबोधन नहीं कर पाए। इसके बाद पीएम मोदी पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के आवास पर पहुंचे। जहां विजिटर बुक में सन्देश भी लिखा।

भूपेंद्र यादव को सौंप दी कमान
दरअसल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यादवों की इस पीठ पर अखिलेश यादव के किले को भेदने के लिए पार्टी के नेता भूपेंद यादव को कमान सौंपी थी क्योंकि इस पीठ पर प्रदेश के पूर्व मंत्री शिवपाल यादव की खास पकड़ है और मुलायम सिंह यादव से लेकर समाजवादी पार्टी के कई दिग्गज अपना शीश झुकाने अक्सर ही गढ़वा घाट आश्रम में आकर पीठ के प्रमुख महंत स्वामी शरणानंद जी से मिलते रहते हैं।

यादवों के गढ़ में सेंध लगाने के लिए पहुंचे भूपेंद्र यादव
यही वजह है कि प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संसदीय क्षेत्र के तीन दिवसीय दौरे के आखिरी दिन गढ़वाघाट के आश्रम में यादवों की पीठ पर पहुंचने के पहले भाजपा के नेता भूपेंद्र यादव को भेज दिया था। भूपेंद्र पीएम की आगवानी करने के साथ -साथ पहले ही विधानसभा चुनाव में जीत और वर्ग विशेष तक मोदी के संदेश के लिए भूमिका बना चुके थे।

विजिटर नंबर 1427 बने पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गढ़वा घाट से निकल कर हाइवे के रास्ते रामनगर पहुंचे हाइवे से रामनगर में प्रवेश करते ही मोदी अपने संसदीय क्षेत्र में जनता दर्शन के लिए अपनी गाड़ी पर लोगों का अभिवादन करते हुए रामनगर के शास्त्री चौक पहुंचे और यहां लालबहादुर शास्त्री की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के बाद उन्होंने परिजनों से मुलाकात की। प्रधानमंत्री 1427वें विजिटर बने और ये सन्देश भी लिखा - 'जिस भूमि पर भारत के लाल ने संस्कार सीखा, उस भूमि को प्रणाम करता हूं। जो भारत के लिए खप गया, उसे प्रणाम करना मेरा सौभाग्य है। प्रणाम- नरेंद्र मोदी।'

शास्त्री जी के आवास में मोदी
शास्त्रीजी के आवास में संगीत का प्रोग्राम भी हुआ। इस दौरान शास्त्रीजी के जीवन से जुड़े भजन गाए गए। मोदी करीब 15 से 20 मिनट तक भजन सुनते रहे और उनके आवास में बने म्यूजियम का अवलोकन भी किया।












Click it and Unblock the Notifications