'कांग्रेस और INDI गठबंधन की नजर आपकी कमाई पर', अलीगढ़ में एक बार फिर पीएम मोदी के निशाने पर विपक्ष
UP Aligarh PM Modi Rally: लोकसभा चुनाव 2024 के मद्देनजर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी '400 पार' के नारे के साथ देशभर में जनसभाओं को संबोधित कर रहे हैं। इसी कड़ी में सोमवार को पीएम मोदी यूपी के अलीगढ़ पहुंचे, जहां उन्होंने एक बार फिर कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों पर संपत्ति छीनने का आरोप लगाया।
अलीगढ़ में रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "कांग्रेस और INDI गठबंधन के एक खतरनाक इरादे से मैं आज देश, अलीगढ़ के लोगों को आगाह कर रहा हूं। कांग्रेस और INDI गठबंधन की नजर आपकी कमाई पर है, कांग्रेस के शहजादे का कहना है कि उनकी सरकार आई तो कौन कितना कमाता है, किसके पास कितनी प्रॉपर्टी है, किसके पास कितना धन है उसकी जांच कराएंगे?"

कांग्रेस पर लगाया संपत्ति छीनने का आरोप
पीएम मोदी ने कांग्रेस को घेरते हुए कहा कि हमारी माताओं- बहनों के पास जो सोना है, वह 'स्त्री धन' है, इसे पवित्र माना जाता है, कानून भी इसकी रक्षा करता है। अब इन लोगों की नजर महिलाओं के 'मंगलसूत्र' पर है, इनका इरादा माताओं-बहनों का सोना चुराने का है। ये माओवादी सोच है, ये वामपंथियों की सोच है। ऐसा करके वे पहले ही कई देशों को बर्बाद कर चुके हैं।"
जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा, "INDI गठबंधन वाले इतनी निराशा में डूबे हैं कि भविष्य की ओर देखने के लिए उनमें हौसला ही नहीं रहा, ये लोग अपने परिवार और सत्ता के लोभ के अलावा कुछ नहीं करते और जनता से सिर्फ छलावा करते हैं।"
सपा और कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए पीएम मोदी ने कहा,"कांग्रेस, समाजवादी पार्टी जैसी भ्रष्ट पार्टियों ने कभी आपके परेशानियों की परवाह नहीं की। गरीब को पैसे देकर भी कभी पूरा राशन नहीं मिलता था, बिचौलिए ही लूट लेते थे। आज अलीगढ़ और हाथरस के लाखों लोगों को मुफ्त राशन मिल रहा है।"
योगी सरकार की पीएम मोदी ने की तारीफ
वहीं यूपी की योगी सरकार की तारीफ करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "जो लोग योगी आदित्यनाथ की पहचान सिर्फ बुलडोजर से करते हैं उनकी मैं आंखें खोलना चाहता हूं, उत्तर प्रदेश में आजादी के बाद जितना औद्योगिक विकास नहीं हुआ, उससे ज्यादा अकेले योगी आदित्यनाथ के कालखंड में हुआ है। योगी आदित्यनाथ की सरकार विकास को नई ऊंचाइयों तक लेकर गई है।"
मुस्लिम भाइयों के लिए हज कोटा बढ़ाने का अनुरोध
अलीगढ़ में पीएम मोदी ने कहा कि भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार ने मुस्लिम भाइयों और बहनों के लिए एक बहुत ही अहम फैसला लिया है। अपने बयान में पीएम मोदी ने कहा कि "पहले हज कोटा कम होने के कारण बहुत लड़ाई होती थी और रिश्वतखोरी भी होती थी और केवल प्रभावशाली लोगों को ही हज पर जाने का मौका मिलता था। मैंने सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस से हज कोटा बढ़ाने का अनुरोध किया था।" पीएम मोदी ने कहा, "आज भारत में हमारे मुस्लिम भाइयों और बहनों के लिए ना केवल हज कोटा बढ़ाया गया है बल्कि वीजा नियमों को भी आसान बनाया गया है।"
हजारों बहनों के सपनों को पूरा किया: मोदी
पीएम मोदी ने आगे कहा कि उनकी सरकार ने हज पर जाने की इच्छा रखने वाली हजारों बहनों के सपनों को भी पूरा किया। उन्होंने कहा, "पहले हमारी मुस्लिम माताएं और बहनें हज के लिए अकेले नहीं जा सकती थीं। सरकार ने महिलाओं को भी 'मेहरम' के बिना हज पर जाने की इजाजत दी और मुझे उन हजारों बहनों का आशीर्वाद मिल रहा है जिनका हज पर जाने का सपना पूरा हो गया है।"
बता दें कि इससे पहले 2019 में सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान ने देश की अपनी हालिया यात्रा के दौरान पीएम नरेंद्र मोदी के अनुरोध पर भारतीय हज यात्रियों के लिए कोटा बढ़ाकर 200,000 करने की घोषणा की थी।












Click it and Unblock the Notifications