कासगंज दर्दनाक सड़क हादसे पर पीएम मोदी और सीएम योगी ने जताया शोक, घायलों के जल्द स्वस्थ्य होने की कामना
उत्तर प्रदेश के कासगंज में शनिवार को सुबह दिल दहला देने वाली घटना हुई। जिसमें कई लोगों की मौत हो गई और अन्य लोग घायल हुए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस हृदयविदारक घटना पर दुख व्यक्त किया है। इसके साथ ही सीएम ने इस घटना में घायल हुए लोगों का निशुल्क इलाज करने का निर्देश दिया है।

बता दें यूपी के कासगंज में शनिवार की सुबह ये हादसा हुआ। पटियाली-दरियावगंज मार्ग पर माघ पूर्णिमा के अवसर पर श्रद्धालुओं को ले जा रही एक ट्रैक्टर ट्रॉली अनियंत्रित होकर तालाब में जा गिर गई। श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली पूरी पलट गई, जिसमें बैठे अधिकांश श्रद्धालु दब गए। इस हादसे में 22 लोगों की मौत अब तक हो चुकी है और कई घायलों का इलाज चल रहा है।
मुख्यमंत्री योगी को इस बारे में सूचना मिली इसके बाद तुरंत ही उन्होंने जिला प्रशासन के अधिकारियों को सभी घायलों के समुचित निःशुल्क उपचार हेतु निर्देश दिए हैं।
वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी कासगंज हादसे पर दुख जताते हुए एक पोस्ट सोशल मीडिया पर शेयर की है। पीएम मोदी ने लिखा
"हृदयविदारक! उत्तर प्रदेश के कासगंज में ट्रैक्टर ट्रॉली के तालाब में गिरने से हुआ हादसा दुख से भर देने वाला है। इसमें जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी शोक-संवेदनाएं। इसके साथ ही मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। राज्य सरकार की निगरानी में स्थानीय प्रशासन पीड़ितों की हरसंभव मदद में जुटा है।"
सीएम ने इस घटना पर दुख व्यक्त करते हुए कहा "जनपद कासगंज में सड़क दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत हृदय विदारक है। मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को शांति तथा घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।"












Click it and Unblock the Notifications