अखिलेश के खिलाफ धर्म-जाति के आधार पर बिजली देने के हमारे पास सबूत- पीयूष गोयल
ऊर्जा मंत्री पीयूष गोयल ने अखिलेश सरकार पर बिजली वितरण में भेदभाव का लगाया आरोप, बोले जाति और धर्म देखकर दी जाती है बिजली।
वाराणसी। केंद्रीय ऊर्जा मंत्री पीयूष गोयल ने उत्तर प्रदेश के चुनाव प्रचार में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिवाली और रमजान पर बिजली देने में भेदभाव किए जाने के बयान का समर्थन किया है। गोयल ने कहा कि लोगों के साथ जाति और धर्म के आधार भेदभाव किया जाता है और मेरे पास इसके पुख्ता सबूत हैं। गोयल ने कहा कि मुजफ्फरनगर के आठ गांव ऐसे हैं जहां सिर्फ 8-10 घंटे ही बिजली दी जाती है जिसमें शिवपुर में 8-10 घंटे बिजली रोज कटती है, इसकी बड़ी वजह हैं यहां रह रहे दूसरी जाति व धर्म के लोग।

जाति के आधार पर होता है भेदभाव
अखिलेश यादव और राहुल गांधी के साथ पर हमला बोलते हुए पीयूष गोयल ने कहा कि यह दो भ्रष्टाचारी और विकास विरोधी नेताओं का गठबंधन हैं और यूपी को यह साथ पसंद नहीं है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के तमाम सांसद मेरे पास यह शिकायत लेकर आते हैं कि उनके क्षेत्र में बिजली नहीं पहुंचाई जा रही है। जब मुरादाबाद के सांसद ने शिकायत की कि उनके इलाके में बिजली नहीं आ रही है और इसके आंकड़े मेरे पास हैं, जिससे यह सिद्ध हुआ कि यूपी में गरीबों और जाति धर्म के आधार पर भेदभाव किया जाता है।

सिर्फ 5.5 लाख लोगों को पहुंचाई बिजली
गोयल ने कहा कि गांव वालों से बिजली देने के लिए पैसा लिया जाता है। उन्होंने कहा कि देश में इससे बड़ा भेदभाव क्या हो सकता है कि जाति और धर्म के नाम पर लोगों के साथ भेदभाव किया जाए। पीएम ने हम सबको एक ही शिक्षा दी कि सबका साथ सबका विकास हो। हमने 32 लाख लोगों तक बिजली पहुंचाने के लिए राज्य सरकार को पैसा दिया था लेकिन मात्र 5.5 लाख गरीब के घरों में बिजली दी गई है।

विकास विरोधी हैं अखिलेश
गोयल ने कहा कि मुरादाबाद के 8 गांव में बिजली नहीं पहुंचाई गई, ऐसे में अखिलेश यादव यह कहते हैं कि पीएम को कसम खानी चाहिए बिजली पहुंची की नहीं। उन्होंने कहा कि सौगंध तो उन्हें खानी पड़ती है जिनके मन में खोट होता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 8 से 9 करोड़ लोग बिजली के लिए परेशान हैं, लेकिन अखिलेश सरकार को इसकी परवाह नहीं है। उन्होंने कहा कि अखिलेश विकास विरोधी पुरुष हैं और राहुल अखिलेश का साथ भ्रष्टाचार का साथ है।

आंकड़े देना बंद किया
अखिलेश सरकार को आड़े हाथों लेते हुए गोयल ने कहा कि अखिलेश सरकार ने अगस्त 2016 से केंद्र सरकार को आंकड़े देने बंद कर दिए। हमने पूरे देश में कितनी बिजली पहुंचाई है और इसके आंकड़े ऑलनाइन उपलब्ध हैं, लेकिन अखिलेश सरकार ने आकंड़ों को देना ही बंद कर दिया है। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव जानबूझकर लोगों से आंकड़े छिपा रहे हैं, ताकि उनकी हकीकत लोगों के सामने ना आने पाए।












Click it and Unblock the Notifications