तुगलकी फरमान: पंचायत का खर्चा न देने पर कहा- 'जूतों की माला पहनाओ इसे', जान देने नहर पहुंच गया युवक
उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में पंचायत के अनोखे फैसले ने एक युवक को अपनी जान देने पर मजबूर कर दिया। दरअसल, हुआ ये कि युवक की शादी तय होने के बाद उसने किसी और लड़की से निकाह कर लिया। जिसके बाद बिरादरी की पंचायत में पंचों ने सलमान नामक युवक के गले मे जूतों की माला डालने का फरमान सुना दिया। इससे युवक आहत हो गया और आत्महत्या करने नहर पर चला गया।
दोनों पक्षों में हो गया था फैसला
बता दें कि पूरा मामला बुलंदशहर के सयाना कस्बे के मोहल्ला काज़ीखेल का है। जानकारी अनुसार, यहां के रहने वाले सलमान का मोहल्ले निवासी नुरुद्दीन की बेटी से उसका निकाह तय हुआ था, लेकिन किन्हीं कारणों से यह रिश्ता नहीं हो पाया। नूरुद्दीन ने इसको लेकर कुरैशी बिरादरी की पंचायत बुलाई। पंचायत में उसने निकाह से पहले रिश्तेदारों की दावत में खर्च 2 लाख रुपये की मांग की।

पंचायत ने खड़ा कर दिया नया बखेड़ा
आपको बता दें कि सलमान पक्ष व नूरुद्दीन पक्ष में तय शर्तों के अनुसार फैसला हो गया था। लेकिन हैरानी की बात तो यह है कि इसके बाद एक पंच ने पंचायत के खर्चे के 20 हज़ार रुपए मांग लिए। जिसे देने से सलमान पक्ष ने मना कर दिया। इसी बात से चिढ़कर पंचों ने उसके गले मे जूतों की माला डालने का फरमान जारी कर दिया।
आत्महत्या करने नहर पहुंच गया सलमान
उधर, सलमान पक्ष ने पंचायत के इस फैसले का विरोध किया तो उसे जबरन पकड़ कर जूतों की माला पहनाने की कोशिश करने लगा। युवक ने बचने का भरपूर प्रयास किया लेकिन जब उसे लगा कि इस अपमान से बचना मुश्किल है तो वो जान देने के लिए पास की नहर की ओर आत्महत्या करने के इरादे से दौड़ पड़ा। वो तो गनीमत रही कि मोहल्ले और परिजनों ने उसे भागकर पकड़ लिया और उसकी जान बच गई।

4 के खिलाफ मुकदमा दर्ज
वहीं अब इस मामले में सलमान ने पुलिस को लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। सलमान के तहरीर पर पुलिस ने पहासू के खलील, बादशाह,फरीद तथा कदीम के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही यह मामला इलाके में चर्चा का विषय बन गया है और पंचायत के फैसलों को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।
मदद बस एक कॉल दूर
पहचान पूर्णतः गोपनीय , पेशेवर परामर्श सेवा
iCALL मेंटल हेल्पलाइन नंबर: 9152987821
सोम - शनि: सुबह 10 बजे - शाम 8 बजे












Click it and Unblock the Notifications