Pahalgam attack में शहीद शुभम के घर पहुंचे सीएम योगी, बोले, 'आतंकवाद को जड़ से खत्म करने का वक्त आ गया है'
Pahalgam attack: 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पर्यटन स्थल पहलगाम में एक बार फिर आतंक ने अपनी कायरता का परिचय दिया। इस हमले में उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले के रहने वाले शुभम द्विवेदी की जान चली गई।शुभम की उम्र महज 30 वर्ष के आसपास थी और वे कुछ महीनों पहले ही विवाह के बंधन में बंधे थे।
एक नवविवाहित युवक की इस प्रकार असमय और हिंसक मृत्यु से न केवल उनका परिवार, बल्कि पूरा उत्तर प्रदेश और देश स्तब्ध है।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुभम के परिवारजनों से मिले और उन्हें सांत्वना भी दी और इस पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने इसे आतंकियों द्वारा किया गया एक बेहद "कायराना हमला" करार दिया और कहा कि यह स्पष्ट संकेत है कि आतंकवाद अब अपने अंतिम दौर में है।
सीएम योगी ने कहा कि भारत जैसे देश में इस तरह की घटनाएं न तो स्वीकार्य हैं, न ही बर्दाश्त की जाएंगी। केंद्र और राज्य की दोहरी सरकार आतंकवाद के खिलाफ 'जीरो टॉलरेंस' की नीति पर काम कर रही है और आगे भी इसी नीति पर दृढ़ता से आगे बढ़ेगी।
Pahalgam attack: शुभम द्विवेदी के परिवार से मिले सीएम योगी
मुख्यमंत्री योगी ने शुभम के शोकसंतप्त परिवार को हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया। उन्होंने बताया कि शुभम अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था और परिवार इस त्रासदी से गहरे सदमे में है। मुख्यमंत्री ने कहा, "मैं शुभम की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करता हूं। पूरा देश इस समय उनके परिवार के साथ खड़ा है। यह केवल कानपुर या उत्तर प्रदेश की नहीं, पूरे भारत की क्षति है।"
उन्होंने इस बात पर भी बल दिया कि केंद्र सरकार द्वारा आतंकवाद के खात्मे के लिए जो ठोस कदम उठाए जा रहे हैं, वे जल्द ही आतंक की जड़ों को समाप्त कर देंगे। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा हमले के तुरंत बाद इलाके का निरीक्षण किया गया और आगे की रणनीति पर गंभीर विचार विमर्श चल रहा है।
Pahalgam attack: पीएम मोदी के नेतृत्व पर रखें भरोसा, CM योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने देश की जनता से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भरोसा बनाए रखने की अपील की और कहा कि "सरकार आतंकियों को किसी भी सूरत में बख्शने वाली नहीं है। इस जघन्य अपराध के दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।"
इस घटना ने एक बार फिर इस बात को रेखांकित किया है कि देश के दुश्मन अब भी सक्रिय हैं, लेकिन सरकार और सुरक्षाबल पूरी मुस्तैदी के साथ मोर्चा संभाले हुए हैं। शुभम द्विवेदी की शहादत बेकार नहीं जाएगी - यह देश आतंकवाद के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ रहा है, और हर शहीद की कुर्बानी को याद रखा जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications