ऑनलाइन मंगाया था सैमसंग मोबाइल, पार्सल से निकली मिट्टी की लक्ष्मी
बहराइच। रामापुर किंदाली गांव का एक युवक ऑनलाइन ठगी का शिकार हुआ है। युवक ने कैश ऑन डिलीवरी के तहत पंद्रह दिन पहले सैमसंग का एड्रॉयड मोबाइल आर्डर बुक कराया। हफ्ते बाद छह नवंबर को डाक से युवक को पार्सल मिला तो वह खुशी से उछल पड़ा, लेकिन जब उसने पैसा अदा कर पार्सल के डिब्बे को खोला तो उसमें मोबाइल की जगह मिट्टी से निर्मित मां लक्ष्मी की प्रतिमा, चरण व श्रीयंत्र निकला है। पीड़ित युवक ने संबंधित नंबर पर कंपनी के अधिकारियों से संपर्क साधा, लेकिन सही जवाब नहीं मिला है। पीड़ित युवक ने एसपी जुगुल व पोस्ट मास्टर को पत्र देकर मामला दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।

फखरपुर थाना अंतर्गत रामापुर किंदाली गांव निवासी पप्पू मिश्रा पुत्र माधवराम वोडाफोन का रिटेलर व्यवसायी है। पप्पू ने बताया कि 29 अक्टूबर को उसके मोबाइल पर एक महिला ने 9811282025 मोबाइल नंबर से फोन किया और कहा कि उसका नाम भाग्यशाली विजेताओं में चुना गया है। उपहार स्वरूप उसे सैमसंग गैलेक्सी एजेंसी दिल्ली की तरफ से 14 हजार 900 रुपये कीमत का सैमसंग का जे सेवन स्मार्ट मोबाइल प्रदान किया जाना है। जिसके एवज में महज 3500 रुपये देने होंगे। पप्पू को रुपये पार्सल की डिलीवरी मिलने के दौरान देने को कहा गया।

मंहगा मोबाइल महज 35 सौ रुपये में मिलने की बात सुनकर पप्पू ने फोन पर ही आर्डर दे दिया। बीते सोमवार को उसे क्षेत्रीय डाकघर बलचंदपुर के डाकिया द्वारा मोबाइल का पार्सल आने की सूचना दी गयी। पप्पू ने अपने चाचा के सामने डाकिया को 35 सौ रुपये अदा कर पार्सल का डिब्बा हासिल किया और उसे खोला तो मोबाइल की जगह उसमें मां लक्ष्मी की एक बड़ी प्रतिमा, दो चरण पादुका व लक्ष्मी श्रीयंत्र निकला। इससे पप्पू सकते में आ गया।
उसने संबंधित नंबर पर कॉल किया तो सही उत्तर नहीं मिला। हालांकि डाकिया ने पार्सल वापस ले लिया है और सबंधित कंपनी को शिकायत कर मोबाइल मंगाने की बात कही है। लेकिन परेशान पप्पू मिश्रा ने संबंधित मोबाइल नंबर का हवाला देते हुए पुलिस अधीक्षक जुगुल किशोर को शिकायती पत्र सौंपा है। साथ ही पोस्टमास्टर को भी ठगी के मामले में प्रार्थना पत्र दिया है।












Click it and Unblock the Notifications