स्थापना दिवस के बहाने दलितों से कनेक्ट होने का BJP ने खोजा ये नया तरीका, जानिए
लखनऊ, 5 अप्रैल: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव में शानदार जीत हासिल करने के बाद अब बीजेपी अपने स्थापना दिवस की तैयारियों में धूमधाम से जुटी हुई है। 6 अप्रैल को पार्टी का स्थापना दिवस यूं तो पूरे प्रदेश में धूमधाम से मनाया जाएगा लेकिन चुनावी जीत में जिस तरह से दलित वोटरों ने बीजेपी का साथ दिया है उसे देखते हुए अब बीजेपी ने दलितों को साधने की कवायद और तेज कर दी है। इसी क्रम में बीजेपी ने स्थापना दिवस के मौके पर पूरे प्रदेश में एक सप्ताह तक समरसता सप्ताह मनाने का फैसला किया है। इस दौरान खासतौर से अंबेडकर की मूर्तियों की साफ सफाई का काम किया जाएगा ताकि दलित समुदाय को बेहतर तरीके से कनेक्ट किया जा सके।

विधानसभा चुनाव में दलित वोटरों ने बीजेपी को दिया वोट
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव हाल ही में सम्पन्न हुआ है और जिस तरह से बीजेपी को दोबारा पूर्णबहुमत मिला है उसमें दलित समुदाय का भी सहयोग माना जा रहा है। माना जा रहा है कि आगरा और उसके आसपास के जिलों के अलावा पूरे प्रदेश में जाटव और अन्य दलित समुदाय ने बीजेपी के पक्ष में मतदान किया है। जिस तरह से बसपा की मुखिया मायावती का वोट बैंक चुनाव दर चुनाव खिसक रहा है उससे बीजेपी के लिए काफी संभावनाएं बन रही हैं और मौके का फायदा उठाने में बीजेपी तो माहिर है। इसको देखते हुए ही विधानसभा चुनाव के दौरान दलितों की बस्ती में कई तरह के कार्यक्रम चलाए गए और सरकार बनने पर दो बड़े चेहरों असीम अरुण और बेबीरानी मौर्या को योगी मंत्रिमंडल में भी जगह मिली। दोनों दलित समुदाय से आते हैं। इस बात को ध्यान में रखते हुए बीजेपी ने एक बार फिर स्थापना दिवस के बहाने दलित समुदाय को कनेक्ट करने का प्लान तैयार किया है और इसी के तहत स्थापना दिवस से लेकर अंबेडकर जयंती तक समरसता सप्ताह मनाया जाएगा।

6 अप्रैल को पूरे प्रदेश में शोभायात्रा निकाली जाएगी
भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस पर बुधवार 6 अप्रैल को पूरे प्रदेश में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन करेगी। पार्टी के प्रदेश महामंत्री अनूप गुप्ता ने बताया कि भाजपा के स्थापना दिवस पर कल 6 अप्रैल को प्रदेश के सभी जिला व मंडल स्तर पर ध्वजारोहण (पार्टी का ध्वज) किया जाएगा। साथ ही शोभा यात्रा भी निकाली जाएगीं। शोभायात्रा के समापन के समय पार्टी के स्थापना दिवस पर माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा कार्यकर्ताओं को प्रातः 10 बजे सम्बोधित किया जाएगा।

पार्टी कार्यालय पर सीएम योगी और प्रदेश अध्यक्ष रहेंगे मौजूद
गुप्ता के मुताबिक, पूरे प्रदेश में पार्टी कार्यकर्ता सभी मंडलों पर सामूहिक रूप से एलईडी स्क्रीन व अन्य डिजिटल माध्यमों का प्रयोग करते हुए पीएम मोदी के उद्बोधन को सुनेंगे। पार्टी के राज्य मुख्यालय पर प्रातः 09 बजे ध्वजारोहण होगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक, पार्टी के प्रदेश महामंत्री (संगठन) सुनील बंसल जी सहित अन्य वरिष्ठ नेता पाटी कार्यकर्ता उपस्थित रहेंगे।

अंबेडकर जयंती तक मनेगा समरसता सप्ताह
प्रदेश महामंत्री अनूप गुप्ता ने बताया कि पार्टी के स्थापना दिवस 06 अप्रैल से बाबा साहब भीमराव अम्बेडकर की जयन्ती 14 अप्रैल तक भाजपा द्वारा समरसता सप्ताह आयोजित कर सेवाकार्य किये जाएगें। सेवा कार्य के अन्तर्गत रक्तदान शिविर, स्वच्छता अभियान, अस्पतालों में फल वितरण का कार्य, स्वास्थ्य परीक्षण शिविर व सार्वजनिक स्थलों पर पेयजल व्यवस्था आदि के माध्यम से सेवा कार्य किये जाएगें।

मंडल स्तर पर कार्यक्रमों में शामिल होंगे MP MLA
पार्टी के सभी कार्यकर्ता स्थापना दिवस के अवसर पर अपने घरों पर पार्टी का ध्वज लगाएगें। सभी मंत्रीगण, सांसद एवं विधायक, पार्टी पदाधिकारी, मोर्चों, प्रकोष्ठों एवं विभागों के पदाधिकारी, अपने-अपने मंडल एवं जिला के कार्यक्रमों में सम्मिलित होगें। जबकि बूथ समिति, पन्ना प्रमुख सहित सभी मंडलों के नीचे के कार्यकर्ता बूथ स्तर पर टेलीवीजन एवं मोबाइल के माध्यम से प्रधानमंत्री के सम्बोधन को सुनेंगे।












Click it and Unblock the Notifications