इलाहाबाद: 'वंदे मातरम' मामले में दर्ज होगा राष्ट्रद्रोह का मुकदमा, जाएगी सदस्यता!
सदन की कार्यवाही समाप्त होने के बाद महापौर ने राष्ट्रगीत का अपमान करने वालों के खिलाफ राष्ट्रद्रोह का मुकदमा दर्ज कराने और शासन से शिकायत करने की बात कही थी।
इलाहाबाद। नगर निगम के सदन में राष्ट्रगीत वंदे मातरम गाने व न गाने का मामला अब तूल पकड़ने लगा है। महापौर ने बेवजह विवाद व राष्ट्रगीत का सम्मान न करने पर इसे राष्ट्रगीत का अपमान माना है। राष्ट्रगीत का अपमान करने वाले पार्षदों के खिलाफ महापौर अभिलाषा गुप्ता नंदी ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने पांच पार्षदों के खिलाफ राष्ट्रद्रोह का मुकदमा दर्ज कराने और सदस्यता समाप्त करने के लिए कार्रवाई भी शुरू कर दी है। इस बावत उन्होंने योगी सरकार को कार्रवाई की संस्तुति करने के लिए एक पत्र भेजा है। ऐसे में आरोपी पार्षदों के विरुद्ध राष्ट्रद्रोह का मुकदमा दर्ज कराया जाएगा साथ ही उनकी सदस्यता भी रद्द की जा सकती है।


जमकर हुआ था बवाल
गौरतलब है की इलाहाबाद नगर निगम के मिनी सदन में गुरुवार दोपहर जब राष्ट्रगीत वंदे मातरम गाया जा रहा था, उस समय पांच पार्षद बैठे थे। राष्ट्रगीत गाने के समय बैठने वाले पार्षदों की सीसीटीवी फुटेज से पहचान की गई है। जिनमें कार्यकारिणी उपाध्यक्ष सुशील यादव, अतहर रजा लाडले, अकीलुर्रहमान, जफर खान और अशोक सिंह हैं। सदन में राष्ट्रगीत के बाद सुशील, लाडले, अकीलुर्रहमान और अशोक सिंह ने सदन का बहिष्कार भी किया।
बता दें की वंदे मातरम् न गाने को लेकर भाजपा-सपा-बसपा में जमकर तकरार हुई थी। यहां तक की झड़प हाथापाई में बदल गई थी। इस खबर को राष्ट्रीय मीडिया ने भी हाथों-हाथ लिया और इस समय हर चैनल पर वंदे मातरम गाने व न गाने को लेकर डिबेट चल रहा है।


महापौर से भी हुई थी झड़प
सदन में वंदे मातरम के मुद्दे पर महापौर और अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ इन्हीं पार्षदों की तीखी नोकझोंक भी हुई थी। सदन की कार्यवाही शाम सात बजे समाप्त होने के बाद महापौर ने राष्ट्रगीत का अपमान करने वालों के खिलाफ राष्ट्रद्रोह का मुकदमा दर्ज कराने और शासन से शिकायत करने की बात कही थी। ऐसे में महापौर ने कहा की कार्रवाई के लिए पत्र शासन को भेज दिया गया है। इस समय इलाहाबाद की लोकल राजनीति पूरी गर्म है। महापौर अभिलाषा गुप्ता नंदी ने बताया की राष्ट्रगीत का अपमान हुआ है और जिन्होंने अपमान किया है उन सब की पहचान हो चुकी है। इनके विरुद्ध राष्ट्रद्रोह का मुकदमा दर्ज कराया जाएगा और सदस्यता भी रद्द होगी।












Click it and Unblock the Notifications