Om Prakash Rajbhar: जातीय जनगणना पर गरमाई यूपी की राजनीति, ओपी राजभर ने अखिलेश यादव पर साधा सीधा निशाना
Om Prakash Rajbhar News: उत्तर प्रदेश की राजनीति में जुबानी जंग और तीखी हो गई है। राज्य के कैबिनेट मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के प्रमुख ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी (सपा) के मुखिया अखिलेश यादव पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने अखिलेश पर आरोप लगाया कि वे फिर से पिछड़े और दलित समाज को छलने की साजिश रच रहे हैं।
राजभर का कहना है कि जातीय जनगणना का मुद्दा सामने आते ही अखिलेश की बेचैनी बढ़ गई है। अब उन्हें अपने वोट बैंक में दरार दिखने लगी है, इसलिए वे अचानक राजा सुहेलदेव की प्रतिमा लगाने की बातें कर रहे हैं। लेकिन यह समाज अब पुरानी चालों में फंसने वाला नहीं है।

उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जब अखिलेश यादव सत्ता में थे तब उन्हें न तो सुहेलदेव की याद आई और न ही दलित-पिछड़ों के हक की चिंता थी। अब जब चुनाव सामने हैं तो अखिलेश को यह सब याद आ रहा है। राजभर ने सवाल दागा कि जो अपने घर के रिश्ते नहीं संभाल सका, वह समाज के लिए क्या करेगा?
जातीय जनगणना से डगमगाया अखिलेश का वोट बैंक
राजभर ने साफ कहा कि जातिगत जनगणना के चलते समाजवादी पार्टी की राजनीति कमजोर पड़ रही है। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव को डर है कि अब उनका पारंपरिक वोट बैंक खिसक सकता है। यही वजह है कि वे नए-नए दावे कर रहे हैं और पिछड़े वर्ग को दोबारा लुभाने की कोशिश में जुटे हैं।
सुभासपा प्रमुख ने समाजवादी पार्टी पर आरोप लगाया कि दलितों को वह सिर्फ वोटबैंक समझती है और चुनाव के वक्त उन्हें गुमराह करने के हथकंडे अपनाती है। राजभर ने कहा कि पिछड़ा वर्ग अब जागरूक हो चुका है और वह ऐसे जुमलों में फंसने वाला नहीं है।
जब सत्ता में थे तब क्यों नहीं किया सुहेलदेव का सम्मान?
ओपी राजभर ने याद दिलाया कि समाजवादी पार्टी चार बार सत्ता में आ चुकी है और अखिलेश यादव खुद पांच साल मुख्यमंत्री रहे हैं। उन्होंने पूछा कि उस वक्त राजा सुहेलदेव की प्रतिमा लगाने की याद क्यों नहीं आई? अब चुनावी मौसम में ये बातें करना सिर्फ दिखावा है।
राजभर ने कहा कि वे खुद जब अखिलेश यादव के साथ गठबंधन में थे, तब भी राजा सुहेलदेव को उचित सम्मान नहीं मिला। उन्होंने कहा कि अखिलेश ने न तो सुहेलदेव जयंती मनाई और न ही उनकी प्रतिमा लगाने का संकल्प लिया। इससे साफ है कि यह सिर्फ राजनीतिक स्टंट है।
आतंकवाद के मुद्दे पर भी बोले राजभर
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुई आतंकी घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए ओपी राजभर ने कहा कि अगर सरकार उन्हें हथियार दे दे तो वे खुद पाकिस्तान में घुसकर आतंकियों का सफाया करेंगे। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा के लिए वे हर बलिदान देने को तैयार हैं।
राजभर ने किसान नेता राकेश टिकैत की पगड़ी उछाले जाने की घटना पर भी अपनी राय दी। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटना नहीं होनी चाहिए थी, लेकिन इसके पीछे कौन जिम्मेदार है, इसकी निष्पक्ष जांच जरूरी है।
22 साल से मांग रहे थे जातीय जनगणना, तब अखिलेश चुप थे
राजभर ने दावा किया कि वे पिछले 22 सालों से जातीय जनगणना की मांग करते आ रहे हैं, लेकिन अखिलेश यादव जब मुख्यमंत्री थे तब उन्होंने कभी इस मुद्दे पर आवाज नहीं उठाई। अब जब उनकी राजनीतिक जमीन खिसक रही है, तो वे इस मुद्दे को भुनाने में लगे हैं।
उन्होंने कहा कि अखिलेश का पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) गठबंधन सिर्फ कागजों में है। राजभर ने चुनौती देते हुए कहा कि हमारे साथ भी यादव और मुसलमान समाज के लोग जुड़ रहे हैं, ऐसे में अखिलेश किस आधार पर पूरे पीडीए का नेता बनने का दावा कर रहे हैं?












Click it and Unblock the Notifications