Noida International Airport से आगरा-मथुरा पहुंचना हुआ आसान, 10 जिलों तक मिलेगी नॉन-स्टॉप बस सेवा
Noida International Airport: उत्तर प्रदेश में पर्यटन के विस्तार और यात्रियों की सुविधा को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (NIA) के शुरू होने से पहले ही यहां से यूपी के 10 जिलों तक सीधी नॉन-स्टॉप बस सेवाएं शुरू करने की तैयारी तेज हो गई है।
यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (यापल) और उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (UPSRTC) के बीच हुए नए समझौते ने यात्रियों के लिए सफर को और अधिक आसान और सुगम बनाने का रास्ता खोल दिया है।

यह पहल न सिर्फ दिल्ली-NCR और यूपी के यात्रियों को निर्बाध कनेक्टिविटी देगी, बल्कि राज्य के पर्यटन क्षेत्र को भी मजबूत गति देने वाली है। ताजमहल, फतेहपुर सीकरी, मथुरा-वृंदावन जैसे ऐतिहासिक व धार्मिक स्थलों तक पहुंच अब आसान और बजट-फ्रेंडली होने जा रही है।
10 जिलों से सीधा कनेक्शन - यात्रियों के लिए बड़ा लाभ
इस समझौते के तहत नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को यूपी और NCR के विभिन्न शहरों से सीधी बस सेवा के माध्यम से जोड़ा जा रहा है। इन शहरों में शामिल हैं- नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद, आगरा, अलीगढ़, मथुरा-वृंदावन, हाथरस, हापुड़, बुलंदशहर, फर्रुखाबाद, फिरोजाबाद, मुरादाबाद, शिकोहाबाद के इन रूट्स पर चलने वाली नॉन-स्टॉप बसें यात्रियों के समय की बचत करेंगी और उन्हें एयरपोर्ट से बिना किसी परेशानी के सीधे अपने गंतव्य तक पहुंचने में मदद करेंगी।
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को लेकर पहले से ही लोगों में उत्सुकता है, और नए बस कनेक्टिविटी प्लान ने इस उत्साह को और बढ़ा दिया है। दिल्ली-NCR में रहने वाले वे लोग जो अक्सर धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों की यात्रा करते हैं, उनके लिए यह सुविधा बेहद राहत देने वाली होगी। अब किसी को भी मथुरा-वृंदावन, आगरा, अलीगढ़, हाथरस या गाजियाबाद पहुंचने के लिए कई साधनों में बदलाव नहीं करना पड़ेगा। एयरपोर्ट से निकले की सीधी बसें यात्रियों को बिना रुकावट सीधे उनके शहर तक पहुंचा देंगी।
पर्यटन उद्योग को बड़ा बूस्ट - स्थानीय अर्थव्यवस्था को फायदा
यापल के सीईओ क्रिस्टोफ श्नैलमेन के मुताबिक, यह साझेदारी राज्य के लिए परिवहन सुविधाओं को नया आयाम देगी। उन्होंने कहा कि इन नॉन-स्टॉप बस रूट्स के शुरू होने से यात्री अधिक आरामदायक और किफायती तरीके से यात्रा कर पाएंगे। इससे एयरपोर्ट की उपयोगिता भी बढ़ेगी और लोगों को अपने शहर तक पहुंचने के लिए आसानी मिलेगी।
नई बस सेवा का सबसे बड़ा लाभ यूपी के पर्यटन क्षेत्र को होने वाला है। विदेशी और घरेलू पर्यटक जो ताजमहल, फतेहपुर सीकरी, मथुरा के मंदिर, वृंदावन के आश्रम या अन्य धार्मिक स्थलों की यात्रा करते हैं, वे अब सीधे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से बस में बैठकर अपने गंतव्य तक आसानी से पहुंच सकेंगे।
इस कनेक्टिविटी से न सिर्फ यात्रियों को सुविधा मिलेगी, बल्कि प्रदेश के पर्यटन उद्योग को भी बड़ा बढ़ावा मिलेगा। होटल उद्योग, टैक्सी सर्विसेज, स्थानीय गाइड्स, टूर ऑपरेटर्स, हस्तकला व्यवसाय और स्थानीय व्यापार-इन सभी क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधि बढ़ने की उम्मीद है।












Click it and Unblock the Notifications