राहुल गांधी पर नोएडा DM के एक्स अकाउंट से आपत्तिजनक कमेंट, अब IAS मनीष वर्मा ने बताई वजह
Rahul Gandhi: गौतम बुद्ध नगर के जिलाधिकारी के एक्स हैंडल से कांग्रेस सांसद व प्रतिपक्ष के नेता राहुल गांधी पर आपत्तिजनक टिप्पणी की गई। इस टिप्पणी के बाद बवाल मच गया और कांग्रेस पार्टी ने इसकी निंदा करते हुए जिम्मेदार अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
हालांकि, अब इस मामले में गौतम बुद्ध नगर के जिलाधिकारी मनीष वर्मा की तरफ से सफाई भी सामने आई है। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि उनका अकाउंट हैक हो गया था। डीएम ने सेक्टर-20 थाने में केस दर्ज कराने और डीसीपी साइबर क्राइम के नेतृत्व में मामले की जांच करने की जानकारी एक्स पर दी।

इतना ही नहीं, पोस्ट की जानकारी मिलते ही डीएम मनीष कुमार वर्मा ने उसे डिलीट करा दिया। फिर डीएम X हैंडल पर लिखा कि किसी असामाजिक तत्व द्वारा डीएम गौतमबुद्धनगर की आईडी का दुरुपयोग करते हुए गलत पोस्ट डाली गई है। इसे गंभीरता से लेते हुए तत्काल एफआईआर दर्ज कराते हुए विधिक कार्यवाही की जा रही।
FIR की एक कॉपी भी हैंडल पर पोस्ट की गई। वहीं, इससे पहले कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि गौतमबुद्ध नगर के डीएम के X हैंडल ने लोकसभा में विपक्ष के नेता पर पूरी तरह से "अनुचित और अस्वीकार्य टिप्पणी" पोस्ट की। रमेश ने कहा,'यह कोई नई बात नहीं है, पिछले 10 वर्षों में भारत की नौकरशाही और अन्य गैर-राजनीतिक अधिकारी तेजी से राजनीतिक हो गए हैं।'
क्या था पूरा मामला
दरअसल, कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने प्रधानमंत्री के वीडियो को लेकर X पर एक पोस्ट किया था। जिस पर डीएम जीबी नगर के एक्स से पोस्ट किया कि "अरे तुम अपनी और अपने पप्पू के बारे में सोचो।" इस के बाद कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने डीएम जीबी नगर/नोएडा के एक्स हैंडल से की गई पोस्ट का स्क्रीन शॉट लेकर एक्स पर पोस्ट किया।
साथ ही, सुप्रिया श्रीनेता ने लिखा कि यह डीएम नोएडा हैं, जिन पर जिले की जिम्मेदारी है। देश के नेता विपक्ष राहुल गांधी के बारे में इनकी भाषा और विचार जरूर देखे जाएं। इस पोस्ट पर भी बड़ी संख्या में लोगों के कमेंट आए। वहीं, इस घटना से कांग्रेस के भीतर काफी आक्रोश फैल गया है।












Click it and Unblock the Notifications