कानपुर की लड़की को पड़ोसी महिला ने इटावा ले जाकर बेच दिया
कानपुर। यूपी में कानपुर से अगवा की गयी लड़की को बेचने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। लड़की का आरोप है कि पड़ोस में रहने वाले दंपति उसे बहाने से इटावा ले गए और एक युवक को बेचकर जबरन शादी करा दी। किसी तरह उनके चंगुल से छूटकर लड़की ने कानपुर पहुंचकर पुलिस को आपबीती बताई। लड़की की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की तफ्तीश कर रही है।

चंगुल से छूटी लड़की ने सुनाई आपबीती
चकेरी थाना क्षेत्र के संजीव नगर में रहने वाली 18 वर्षीय लड़की 22 दिसम्बर को लापता हो गयी थी। लड़की के लापता होने पर उसके परिजनों ने थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी जिसके बाद से पुलिस उसकी लगातार खोजबीन कर रही थी। बीते बुधवार को लड़की वापस अपने घर आ गयी और उसने अपने साथ हुई आपबीती जब परिजनों को बताई तो उनके होश उड़ गये।

लड़की को बहलाकर ले गए इटावा
लड़की ने आरोप लगाया है कि पड़ोस की रहने वाली कल्पना और भूपेंद्र उसको बहलाकर इटावा ले गए और वहां पर ऋषि नाम के लड़के के साथ मेरी शादी करा दी और पैसे लेकर चले गये। लड़की का कहना है कि कल्पना अपने भाई एक्सीडेंट के होने की बात कहकर अपने साथ ले गयी थी। लड़की का कहना है कि जब सब लोग सो रहे थे तब किसी तरह वहां से निकलकर वापस आ पाए हैं।

पुलिस ने बताया
लड़की के अगवा करके बेचने के मामले में एसपी का कहना है कि चकेरी थाने में अपहरण का मुकदमा लिखा गया था। पुलिस ने बताया कि जिस लड़की का अपहरण हुआ था उसको बरामद कर लिया गया है। लड़की ने जिन लोगों पर आरोप लगाया है उनको भी गिरफ्तार कर लिया गया है। लड़की ने पड़ोसी महिला पर बेचने का आरोप लगाया है कि उसको इटावा में बेच दिया गया था। इन सबकी जांच की जा रही है, इसमें जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जायेगी।












Click it and Unblock the Notifications