Neha Singh Rathore: 'मेरे पास वकील की फीस देने के लिए पैसा नहीं है' नेहा पर राष्ट्रद्रोह का मुकदमा दर्ज
Neha Singh Rathore: लोक गायिका नेहा सिंह राठौर फिर एक बार विवादित बयान को लेकर चर्चा में बनी हुई है। उनके खिलाफ यूपी की राजधानी लखनऊ के हजरतगंज थाने में केस दर्ज किया जा चुका है।
लखनऊ पुलिस ने लोक गायिका नेहा सिंह राठौर के खिलाफ देशद्रोह का मामला दर्ज किया है। उनके खिलाफ यह मामला तब दर्ज किया गया जब एक शिकायतकर्ता ने दावा किया कि नेहा का सोशल मीडिया पोस्ट, जो जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद शेयर किया गया था, देश की एकता को नुकसान पहुंचा सकता है।

शिकायतकर्ता अभय सिंह ने 22 अप्रैल को हुए हमले का उल्लेख किया, जिसमें आतंकवादियों ने 26 निर्दोष लोगों की हत्या कर दी थी, जिनमें ज्यादातर पर्यटक शामिल थे। शिकायत में आरोप है कि नेहा का पोस्ट भड़काऊ था और इससे समाज में तनाव पैदा हो सकता है। नेहा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की अलग-अलग 10 धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है, साथ ही सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) एक्ट की धाराएं भी इसमें जोड़ी गई हैं।
FIR के बाद नेहा सिंह राठौर ने क्या कहा है?
FIR के बाद नेहा सिंह राठौर ने X पर पोस्ट करते हुए लिखा- मेरे ऊपर FIR हो गई है...होनी भी चाहिए। एक मामूली लड़की इतने बड़े लोकतंत्र में सवाल कैसे पूछ सकती है! लोकतंत्र का साइज़ तो देखो! दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है भाई!
एक दूसरे पोस्ट में उन्होंन कहा कि मेरे ऊपर लखनऊ में FIR दर्ज़ हो चुकी है...क्या कोई वकील मेरी मदद कर सकता है? मेरे पास वक़ील की फ़ीस देने के लिए पैसा नहीं है। मेरे ICICI बैंक अकाउंट में सिर्फ़ 519 रुपये हैं जिसमें से 500 रुपये तबला वादक को देकर कल मैं नया गीत रिकॉर्ड करूँगी।
लोक गायिका नेहा सिंह राठौर ने क्या कहा था?
नेहा सिंह राठौर ने अपने वीडियो में कहा कि वो पूछें या न पूछें...मैं बार-बार पूछूँगी कि पहलगाम में दो हज़ार सैलानियों के लिए सुरक्षा की व्यवस्था क्यों नहीं थी? कौन ज़िम्मेदार है इसका? आतंकी हमले के बाद बिहार में रैली करना इतना ज़रूरी था? भाजपा का आईटी सेल देश का ग़द्दार है क्योंकि उसने देश को हिंदू-मुसलमान में बाँटने की कोशिश की। उन्होंने सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि आतंकी हमले और पर्यटकों के मारे जाने पर सवाल क्यों नहीं पूछा जाएगा? नेहा ने कहा कि अपनी सरकार में हुए पुलवामा हमले में आपने वोट मांगा था। नेहा ने यह भी आरोप लगाया कि सरकार जाति और धर्म के आधार पर राजनीति कर रही है और पहलगाम हमले जैसे मुद्दों का इस्तेमाल वोट बैंक के लिए कर रही है।
नेहा सिंह राठौर ने कहा पहलगाम हमले के जवाब में अब तक सरकार ने क्या किया है? मेरे ऊपर FIR ? अरे दम है तो जाइये...आतंकवादियों के सिर लेकर आइये! सरकार मेरे ऊपर FIR करवाकर असली मुद्दों से ध्यान भटकाना चाहती है...क्या ये बात समझना इतना मुश्किल है?
'PTI Promotion' ने वीडियो शेयर किया
रिपोर्ट्स के मुताबिक, 'PTI Promotion' नाम के एक ट्विटर हैंडल से नेहा का वीडियो शेयर करते हुए लिखा गया कि "इस भारतीय लड़की ने पहलगाम हमले की सच्चाई और इसके पीछे की राजनीति को उजागर किया है।" वीडियो में नेहा के बयान को आधार बनाकर भारत सरकार की आलोचना की गई। पुलिस द्वारा दर्ज एफआईआर के अनुसार, इन पोस्ट्स से देश की आंतरिक शांति भंग होने की आशंका जताई गई है।












Click it and Unblock the Notifications