Neha Singh Rathore: 'अकाउंट में बचे सिर्फ 519 रुपये...', 11 धाराओं में FIR दर्ज होने पर नेहा राठौर का तंज
Neha Singh Rathore News: लोकप्रिय लोकगीत गायिका नेहा सिंह राठौर एक बार फिर सुर्खियों में हैं। उनके खिलाफ एक दो नहीं बल्की 11 धाराओं में मुकदमा दर्ज हुआ है। आरोप है कि उन्होंने सोशल मीडिया पर देश विरोधी टिप्पणी की और शांति भंग करने की कोशिश की।
लखनऊ के हजरतगंज कोतवाली में दर्ज मुकदमे में आरोप लगाया गया है कि नेहा ने पहलगाम आतंकी हमले के बाद सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट की। कवि अभय प्रताप सिंह की तहरीर पर पुलिस ने बीएनएस की कई धाराओं समेत आईटी एक्ट के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।

बताया गया कि नेहा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व ट्विटर) पर ऐसे वीडियो और पोस्ट शेयर किए, जिनसे दो समुदायों के बीच तनाव पैदा हो सकता था। आरोप है कि उनकी गतिविधियों से राष्ट्रीय अखंडता पर भी प्रतिकूल असर पड़ा है।
दो समुदायों को भड़काने का आरोप
एफआईआर के मुताबिक नेहा सिंह राठौर ने अपने बयानों के जरिए जाति और धर्म के नाम पर दो समुदायों के बीच वैमनस्य फैलाने की कोशिश की। पुलिस ने उनके पोस्ट को देश की शांति व्यवस्था को खतरे में डालने वाला बताया है।
बताया गया कि उनके सोशल मीडिया पोस्ट दुश्मन देश पाकिस्तान तक पहुंच गए, जहां उनकी टिप्पणियों की सराहना की जा रही है। इससे देश की वैश्विक छवि को भी नुकसान पहुंचा है।
कवि अभय प्रताप सिंह ने कराया मामला दर्ज
गुडंबा क्षेत्र निवासी कवि अभय प्रताप सिंह ने नेहा के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। अभय ने सबूत के तौर पर कुछ स्क्रीनशॉट भी पुलिस को सौंपे हैं, जिनके आधार पर आगे की जांच की जा रही है।
इंस्पेक्टर विक्रम सिंह ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो और टिप्पणियों को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई की जा रही है। नेहा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता 2023 और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है।
नेहा सिंह राठौर का सोशल मीडिया पर जवाब
एफआईआर दर्ज होने के बाद नेहा ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने तंज कसते हुए लिखा, "मेरे ऊपर एफआईआर हो गई है... होनी भी चाहिए। एक मामूली लड़की इतने बड़े लोकतंत्र में सवाल कैसे पूछ सकती है!"
नेहा ने अपनी पोस्ट में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का धन्यवाद भी किया। उन्होंने लोकतंत्र के आकार पर भी व्यंग्य करते हुए अपनी बात कही।
नेहा ने एक और पोस्ट करते हुए लिखा कि उनके पास वकील की फीस चुकाने के लिए पैसे नहीं हैं। उन्होंने बताया कि उनके बैंक खाते में सिर्फ 519 रुपये बचे हैं और वह भी नए गीत की रिकॉर्डिंग के लिए खर्च होने वाले हैं।












Click it and Unblock the Notifications