मुस्लिम डॉक्टर ने खरीदा मंदिर के सामने वाला मकान, कॉलोनीवासियों ने की नारेबाजी, मुरादाबाद का है मामला
उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले की एक कॉलोनी में मंदिर के सामने स्थित मकान को एक मुस्लिम डॉक्टर ने खरीद लिया। मुस्लिम डॉक्टर द्वारा मंदिर के सामने मकान खरीदने पर हिंदू धर्म से जुड़े लोग भड़क गए। इस दौरान कॉलोनीवासियों ने नारेबाजी भी की।
इतना ही नहीं बैनर-पोस्टर लिए लोग रजिस्ट्री रद्द करने और मुस्लिम डॉक्टर के खाते में पैसे वापस करने की मांग को लेकर नारे लगने लगे। लोगों द्वारा बताया गया कि हम मंदिर के सामने किसी दूसरे धर्म के व्यक्ति को नहीं रहने देंगे। यह बहुत ही गलत है।

इतना ही नहीं कॉलोनी में रहने वाले लोगों का यह भी आरोप है कि इस कॉलोनी में सिर्फ हिंदू धर्म के लोग ही रहते हैं। ऐसे में किसी भी मुस्लिम का कॉलोनी में प्रवेश उचित नहीं है। फिलहाल जिलाधिकारी का कहना है कि मामले का हल निकालने का प्रयास किया जा रहा है।
दरअसल, मुरादाबाद जनपद के टीडीआई सिटी कॉलोनी में करीब 450 मकान हैं। कॉलोनी के लोगों का कहना है कि इन मकानों में करीब 17 से 1800 लोग रहते हैं। कॉलोनी में स्थित मंदिर के सामने डॉक्टर अशोक बजाज नाम के व्यक्ति का मकान था।
कॉलोनी के लोगों का कहना है कि डॉ. अशोक बजाज अपना मकान बेचना चाहते थे ऐसे में उनके पड़ोसी द्वारा मकान को खरीदने के लिए बातचीत की गई। जिस पर अशोक बजाज द्वारा कहा गया था कि वह अपना मकान बेचेंगे तो बताएंगे।
कॉलोनी के लोगों का आरोप है कि इसी बीच डॉक्टर अशोक बजाज ने चोरी से अपना मकान डॉक्टर इकरा चौधरी को बेच दिया। इसकी जानकारी जब कॉलोनी वासियों को हुई तो कॉलोनी वासी नाराज हो गए। कॉलोनी के लोगों का कहना है कि हिंदुओं के बीच किसी मुस्लिम व्यक्ति का रहना सही नहीं है।
उन लोगों ने इस मामले में प्रशासन के साथ ही भाजपा विधायक से शिकायत की। शिकायत करते हुए कॉलोनी के लोगों द्वारा मांग किया गया कि रजिस्ट्री वापस करते हुए इकरा चौधरी का पैसा भी वापस करा दिया जाए। मामले में विधायक द्वारा न्याय दिलाने का आश्वासन दिया गया है।
कॉलोनी के लोगों द्वारा इस मामले को लेकर धरना दिए जाने पर मामला हिंदू और मुस्लिम से जुदा होने के चलते तूल पकड़ लिया। फिलहाल जिलाधिकारी का कहना है कि सभी पक्षों से बात की जा रही है। बात करके मामले का हाल निकालने का प्रयास किया जा रहा है। सभी लोग शांतिपूर्ण ढंग से बात और विरोध कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications